
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा ने आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है. इसी क्रम में आम आदमी पार्टी से टूट कर बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का विलय आज भाजपा में हो गया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के सभी 16 पार्षदों को भाजपा की सदस्यता दिलाई. इस दौरान इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के प्रमुख और लगातार पांच बार से निगम पार्षद मुकेश गोयल भी मौजूद रहे.
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी पार्षदों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया. इसके बाद भाजपा के टॉल फ्री नंबर पर मिस कॉल कराके भाजपा की सदस्यता दिलाई.
मुकेश गोयल ने कहा कि हम दिल्ली के विकास में भागीदार बनना चाहते हैं, इसलिए भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है और भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करेंगे ताकि हमारे निगम क्षेत्र में भी चहुमुखी विकास हो सके. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में जो दिल्ली में विकास कार्य शुरू हुए हैं उनसे प्रभावित होकर हमने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है. बता दें कि इन पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से अब भाजपा की दिल्ली नगर निगम में सदस्य संख्या 123 से बढ़कर 139 हो गई है.
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में हुए निगम चुनाव में भाजपा के 250 में से 104 पार्षद जीत कर आए थे. लेकिन, उसके बाद से आम आदमी पार्टी के पार्षदों का भाजपा में शामिल होना शुरू हो गया, जिससे भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 123 तक पहुंच गई थी. बता दें कि पिछले साल मई 2025 में आम आदमी पार्टी से टूटकर के 16 पार्षदों ने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के नाम से नया दल बना लिया था जिसकी अगुवाई वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल कर रहे थे. मुकेश गोयल निगम सदन में भी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी पार्षद दल के नेता थे. वहीं उप नेता हेमचंद गोयल को बनाया गया था.



