
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली एनसीआर में सोमवार सुबह के बाद शाम को भी मौसम का मिजाज बदल गया. पहले तेज हवाएं चली और फिर कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई. नोएडा, दिल्ली और साइबर सिटी गुरुग्राम में अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली. सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए थे.
दिल्ली एनसीआर से सटे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में धूलभरी आंधी आई. दिल्ली के पालम इलाके में 92 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली. मौसम विभाग ने पहले ही बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था. मौसम विभाग की मानें तो इससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है. सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने के आसार है. वहीं दिन का तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना जताई गई थी. मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया था.
मौसम विभाग ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. मौसम विशेषज्ञों ने मौसम में इस अचानक बदलाव की वजह हिमालयी क्षेत्र पर असर डाल रहे ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ को बताया है. उन्होंने कहा कि मंगलवार से इसका असर कम होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान फिर से बढ़ने की उम्मीद है.



