latest-newsअपराधएनसीआरदिल्ली

डीयू प्रोफेसर की हत्या मामले में पुलिस को करीबी पर शक, कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

शिवाजी कॉलेज की सहायक प्रोफेसर हत्या मामले में पुलिस को वारदात के पीछे किसी करीबी के होने का संदेह है.

संवाददाता

नई दिल्ली । पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित एक फ्लैट में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज की सहायक प्रोफेसर देवोस्मिता पॉल की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. शुरुआती जांच में पुलिस को वारदात के पीछे किसी करीबी व्यक्ति के शामिल होने की आशंका है, क्योंकि घटनास्थल से लूटपाट या जबरन प्रवेश के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ स्पेशल स्टाफ, एएटीएस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें जांच में जुट गई हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और प्रोफेसर के संपर्क में रहने वाले लोगों की गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही है.

पुलिस का मानना है कि जिसने भी प्रोफेसर की जान ली है उसे वो अच्छी तरह जानती थीं. पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2:35 बजे न्यू अशोक नगर थाने में एक महिला ने पीसीआर कॉल कर अपनी बहन की हत्या की सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यू अशोक नगर थाना पुलिस के साथ पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ, एएटीएस और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगाया गया है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फ्लैट के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है, जिसके कारण जांच एजेंसियां आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान करने में जुटी हैं.

जांच के दौरान मृतका का मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान फ्लैट में सुरक्षित मिला है. इस वजह से पुलिस फिलहाल लूटपाट के एंगल को कमजोर मान रही है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. कई टीमें आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं. मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com