latest-newsअपराधएनसीआर

दिल्ली में अब पुलिस अपने ही थानों में सुरक्षित नहीं !

जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के लिए बुलाए युवक ने चाकू से हमला कर 9 पुलिस वालों को अस्पताल पहुंचाया

संवाददाता

नई दिल्ली । ऐसा लगता है देश की राजधानी दिल्ली में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस थाने के अंदर भी पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं हैं। दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किसी मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने पुलिसकर्मियों पर ही चाकू से हमला कर दिया। उसने यहीं पर बस नहीं किया। वह न सिर्फ थाने से भाग निकला बल्कि भागने के लिए एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया और पीछा कर रही पुलिस पर फिर से हमला किया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। हमले में घायल 5 पुलिस वालों में से 3 की हालत नाजुक बताई गई है।

आरोपित की पहचान नबील के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी नबील (30), निवासी काला महल को मां-बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। शिकायत थी कि वह उन्हें परेशान करता है। उसका 2022 में थाना दरियागंज में मारपीट का केस दर्ज था। पुलिस को पता था कि ये आदमी पहले भी मारपीट कर चुका है। इसके बावजूद उसकी तलाशी नहीं हुई। जिसके चलते वो चाकू लेकर थाने के अंदर तक पहुंच गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उसने पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर वार किए। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। बाद में पुलिस ने उसका पीछा कर चितली कब्र इलाके में घेर लिया। यहां भी उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम को गोली चलानी पड़ी और उसे काबू कर लिया गया।

जामा मस्जिद चाकूबाजी: ‘मेरी शिकायत किसने की…’, कहकर 9 पुलिसकर्मियों पर किया था हमला, आरोपी नबील का ऑपरेशन सफल

हमले में कुल 9 पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं जिनमें सब-इंस्पेक्टर अजय, अरविंद, हवलदार हरेंद्र गंभीर घायल हुए। सहायक उप-निरीक्षक श्री कृष्णा और हवलदार बलजीत को भी गर्दन-चेहरे पर चोटें आईं। पांचों सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं। बाद में पीछा करने वाली टीम के कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर भी घायल होकर लोकनायक अस्पताल पहुंच में भर्ती हैं। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 8 राउंड फायर किए, जिसमे 6 गोलियां उसके पैरों में लगी हैं। लेकिन इस मामलें में सबसे बड़ा सवाल यहीं हैं की पुलिस ने क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले आरोपी को थाने में कॉउंसलिंग के लिए बुलाने के बाद प्रोटोकॉल फॉलो क्यों नहीं किया उसकी तलाशी क्यों नहीं ली गई।

ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले 17 जनवरी को शाहबाद डेयरी में 2 पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला हुआ था। 13 अप्रैल को हरि नगर में एएसआई विनोद को चाकू लगा था। इसी साल अगस्त में भलसवा डेरी / मुकुंदपुर में गश्त के दौरान बिना कागजात की बाइक जब्त करने को लेकर हुए विवाद में भीड़ ने पुलिस टीम पर मिर्च पाउडर फेंका और लाठी-डंडों व ईंटों से हमला किया, जिसमें 3 पुलिसकर्मी घायल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com