latest-newsउत्तर प्रदेश

सपा-कांग्रेस गठबंधन में यूपी सीट बंटवारे पर शुरू हुई रार: कांग्रेस का दावा 2024 पर तो सपा अटकी 2022 पर

संवाददाता

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर शह-मात का खेल शुरू हो गया है, जहां कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा प्रदर्शन के आधार पर 181 सीटों की मांग रखी है। सपा इसके जवाब में 2022 के विधानसभा आंकड़ों और अपने आंतरिक सर्वे के आधार पर कांग्रेस के लिए 24 और 54 सीटों का खास प्लान तैयार किया है।

कांग्रेस की भारी-भरकम मांग के जवाब में अखिलेश यादव ने अपना सियासी प्लान तैयार कर लिया है। समन्वय समिति की जब सीट शेयरिंग को लेकर बैठक होगी, तो सपा अपनी तरफ से कांग्रेस को चुनाव लडऩे के लिए दो दर्जन सीटों के ऑफर से शुरुआत करेगी, लेकिन बात फिर आगे बढ़ेगी। कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग का पेंच चुनावी आधार को लेकर फंसा है, जहां कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को आधार बनाकर ज्यादा सीटें मांग रही है, वहीं सपा 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन को ही असली पैमाना मान रही है। सपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व कांग्रेस की 181 सीटों वाली डिमांड को सिरे से खारिज करते हुए जमीनी हकीकत और जिताऊ उम्मीदवार के फॉर्मूले पर कायम है। इसके लिए सपा ने दो स्तरों पर अपनी सूची तैयार की है। पहली लिस्ट में 24 सीटें रखी हैं, तो दूसरी सूची 54 सीटों की बनाई है।

सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों को खंगालते हुए राज्य की ऐसी महज 24 सीटों को चिन्हित किया है, जहां कांग्रेस उम्मीदवारों को 20 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। सपा का तर्क है कि राज्य की बाकी सीटों पर कांग्रेस का संगठन और वोट बैंक बेहद कमजोर रहा है। 2022 में कांग्रेस 399 सीटों पर लडक़र सिर्फ 2 सीटें जीत पाई थी और उसका वोट शेयर महज 2.33 फीसगी था, इसके अलावा 4 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी।

कांग्रेस के लिए सपा ने दूसरी लिस्ट 54 सीटों की बनाई है। सपा ने अपने आंतरिक सर्वे के आधार पर उन 54 विधानसभा सीटों को भी अलग से चिन्हित किया है, जहां वह खुद को कमजोर मानती है या जहां लगातार हार का सामना करना पड़ा है। इन 54 सीटों में 43 जनरल सीटें है तो 11 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि सपा इन्हीं दो सूचियों के इर्द-गिर्द कांग्रेस को समेटने की रणनीति पर काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com