
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद के कविनगर/राजनगर क्षेत्र में ‘कंपैक्ट समाचार’ के पत्रकार एवं संपादक मनोज शर्मा पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट तब हुई जब वे चाउमीन लेने गए थे और दूसरों के विवाद में हस्तक्षेप किया।
यह घटना कविनगर थाना क्षेत्र के आरडीसी / राजनगर इलाके में रात के समय हुई। मनोज शर्मा रात के वक्त एक चाऊमीन की ठेली पर चाऊमीन पैक कराने गए थे, जहां किसी बात पर कहासुनी और विवाद हो गया।
आरोप है कि राजकुमार, सौरव और उनके तीन अन्य साथियों (रेहड़ी संचालकों व साथियों) ने मनोज शर्मा पर घेरकर ईंटों और लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में मनोज शर्मा के चेहरे, आंख, मुंह, दांतों और हाथ-पैर पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें पहले जिला अस्पताल (MMG) और फिर संजय नगर सेक्टर-23 स्थित यशोदा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कविनगर थाना प्रभारी अनुराग शर्मा को मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों (राजकुमार और सौरव) समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
गोकुलधाम सोसायटी, संजयनगर निवासी मनोज शर्मा पुत्र देवेंद्र शर्मा ने बताया गया कि वह रात में कविनगर में चाऊमीन पैक कराने गए थे। इसी दौरान वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। राजकुमार, सौरव और उनके तीन अन्य साथियों ने मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उन्हें ईंट से भी पीटा। हमले में मनोज बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपियों ने उन पर ईंट से वार किए।



