
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में स्क्रैप कारोबारी के घर सोमवार रात 2:20 बजे 5 नकाबपोश बदमाश घुस गए। बदमाशों ने कारोबारी के घरवालों के साथ मारपीट की। फिर सभी को बंधक बना लिया। विरोध करने पर कारोबारी के हाथ पैर बांध दिए। उसकी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद घर से नकदी और जेवर लूट ले गए।
घर में घुसने से पहले बदमाशों ने कारोबारी के घर के अंदर जलती हुई मिर्च फेंकी थी। जिस कारण घर में धुआं भर गया। लूटपाट करने के बाद बदमाश घर से भाग गए। घटना भोजपुर थाना क्षेत्र की है।
कमरे में मिर्च का धुआं भरा, कारोबारी के हाथ-पैर बांधे
कलछीना गांव निवासी सद्दाम पुत्र रियासत स्क्रैप व्यापारी है। पीड़ित ने बताया रात करीब 2:20 बजे हमे सोते हुए चुभन महसूस हुई। देखा कमरे में धुआं भरा हुआ है। जो कूलर के जरिए अन्दर आ रहा था। मेरी पत्नी अफरोजी ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला तो उसे 5 बदमाशों ने पकड़ लिया।
उसके सिर पर तमंचा और चाकू लगा दिया। फिर बदमाश कमरे में घुस आए। मैंने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने मेरे बच्चों के सिर पर तमंचा तान दिया। फिर बदमाशों ने मेरे हाथ-पैर पत्नी के दुपट्टे से बांध दिए।
एक लाख की नकदी और जेवर ले गए
बदमाशों ने मेरी पत्नी से पूछा कि चांदी-सोना और नकदी कहां रखी है? मेरी पत्नी से बताने से मना किया तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। फर मेरी पत्नी के जेवर उतार लिए। मेरी जेब से लेकर सेफ की चाबी लेकर अलमारी खोली।
उसमें रखी नकदी और जेवर निकाल लिया। कारोबारी ने बताया कि बदमाश 1 जोड़ी पाजेब, सोने की झुमकी, सोने की कुंडल, चांदी चुटकी और अन्य सामान ले गए। 1 लाख रुपये की नकदी भी ले गए। पुलिस का कहना है कि व्यापारी लगातार बयान बदल रहा है। घटना संदिग्ध लग रही है। फिर भी जांच की जा रही है।



