
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम के सदस्य और वकील दीपक खत्री को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दीपक खत्री के खिलाफ पहले से ही ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया गया था, जिसके आधार पर विदेश से लौटते ही उन्हें हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया.
पुलिस का आरोप है कि दीपक खत्री गैंगस्टर्स के नेटवर्क को संचालित करने और उनके बीच संदेशों के आदान-प्रदान में शामिल थे. गिरफ्तारी के बाद वकील दीपक खत्री को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. कोर्ट ने कहा कि कस्टडी में पूछताछ ज़रूरी है क्योंकि ये आरोप राष्ट्रीय सुरक्षा और देश से जुड़े हैं.
जानकारी के अनुसार, दीपक खत्री को कड़ी सुरक्षा के बीच राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया. अधिकारियों के अनुसार, खत्री पर विभिन्न आपराधिक गिरोहों के सदस्यों के बीच मैसेजिंग (कड़ी) के रूप में काम करने का गंभीर संदेह है. पुलिस का मानना है कि वे जेल के भीतर और बाहर सक्रिय गैंगस्टरों के बीच संदेशों के आदान-प्रदान में मदद कर रहे थे.
खत्री पर हाल ही में दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में हुई गोलीबारी की घटना में हमला किया गया था. उस घटना में अज्ञात हमलावरों द्वारा कथित तौर पर खत्री और उनके सहयोगियों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. पुलिस ने कहा कि गोलीबारी की घटना से जुड़ी परिस्थितियों और गैंगस्टरों के बीच संदेशों के आदान-प्रदान में खत्री की कथित भूमिका की जांच की जा रही है.
फिलहाल, सुरक्षा और जांच के पुख्ता हवाले देते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट ने दीपक खत्री को 3 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. अब पुलिस रिमांड के दौरान क्राइम ब्रांच इस बात का पता लगाने की कोशिश करेगी कि बिश्नोई गैंग का यह कानूनी सिंडिकेट और कहां-कहां फैला है.



