latest-newsदेश

राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे साधु संतों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, बढ़ाई सुरक्षा

राहुल गांधी के घर के बाहर शुक्रवार सुबह अचानक साधु संतों के भेष में कुछ लोग पहुंचे और नारेबाजी करने लगे

संवाददाता

नई दिल्ली।  कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर शुक्रवार सुबह अचानक कुछ लोग साधु-संतों के वेश में पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मी सक्रिय हो गए और प्रदर्शनकारियों को राहुल गांधी के आवास के बाहर से हटाने की कोशिश की.इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया.

प्रदर्शनकारियों के अचानक साधु-संतों के भेष में पहुंचने से कुछ देर के लिए इलाके में हलचल की स्थिति बन गई. पुलिस ने एहतियात के तौर पर राहुल गांधी के आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी. बता दें कि साधु-संतों ने 31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्ष द्वारा किए गए ‘चढ़ावा चोरी’ के प्रतीकात्मक प्रदर्शन के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की थी. साधु-संतों और हिंदू संगठनों का आरोप है कि संसद परिसर में हुए उस प्रदर्शन के दौरान साधु-संतों के वेश और आस्था से जुड़े प्रतीकों का अनुचित प्रयोग किया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. इसी विरोध के तहत साधु-संतों ने राहुल गांधी के आवास का घेराव करने की योजना बनाई थी.

कुछ दिन पहले बिहार के सांसद पप्पू यादव ने भी साधु-संतों का वेश धारण कर संसद परिसर में प्रदर्शन किया था.यह प्रदर्शन अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और दान की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर किया गया था. उस दौरान विपक्ष के कई नेता भी उनके साथ नजर आए थे. राहुल गांधी ने भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया था. पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रदर्शन में शामिल लोग कौन हैं और वे किस संगठन या समूह से जुड़े हुए हैं.

दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं पर टिकट के बदले पैसे हड़पने के आरोपों को लेकर महिलाओं ने भी प्रदर्शन किया है. राहुल गांधी के आवास के बाहर कुछ महिलाएं बच्चों के साथ विरोध प्रदर्शन करने पहुंचीं. इन महिलाओं ने आरोप लगाया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट दिलाने के नाम पर उनसे पैसे (रिश्वत) लिए गए थे और कांग्रेस नेताओं के करीबियों पर पैसे लेने का दावा करते हुए वे अपना पैसा वापस मांग रही थीं. सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने इन प्रदर्शनकारी महिलाओं को वहां से हिरासत में ले लिया. सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच राहुल गांधी के घर के बाहर एक अलग वाकया देखने को मिला. किसी अन्य मुद्दे को लेकर दो महिलाएं एक बच्ची के साथ बिना पूर्व अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गईं. वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को एहतियातन हिरासत में ले लिया और स्थिति को नियंत्रित किया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com