
संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी अब वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार के हाथों में होगी। केंद्र सरकार ने उन्हें दिल्ली पुलिस का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार अनुराग कुमार मौजूदा पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा की जगह लेंगे। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और वीआईपी सुरक्षा जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां मौजूद हैं। कुमार अभी इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
इस संदर्भ में एक आदेश में भारत सरकार के अवर सचिव राकेश कुमार सिंह की ओर से बताया गया कि आईपीएस अनुराग कुमार को कार्यभार संभालने की तारीख से और अगले आदेश तक दिल्ली का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया जाता है। वहीं सतीश गोलचा, को निर्देश दिया गया है कि नए अधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद, वे अगली पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उप-राज्यपाल को रिपोर्ट करें। आईपीएस सतीश गोलचा को 22 अगस्त 2025 को दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह तिहाड़ जेल के महानिदेशक के तौर पर सेवाएं दे रहे थे।
रिटायरमेंट से पहले हटाए गए सतीश गोलचा

बता दें कि UT कैडर के 1992 बैच के IPS अफसर सतीश गोलचा अब तक दिल्ली पुलिस के कमिश्नर थे, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लेटर जारी करके उन्हें पद से हटा दिया. मई 2027 में सतीश रिटायर होने वाले थे, लेकिन 11 महीने पहले ही इन्हें पद से हटा दिया गया. साथ ही आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर को रिपोर्ट करने का आदेश दिया है. ऐसे में पुलिस विभाग में एक ही सवाल गूंज रहा है कि सतीश गोलचा को पद से क्यों हटाया गया?
कौन हैं अनुराग कुमार?

अनुराग कुमार 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस ) अधिकारी हैं। नियुक्ति से पहले वह इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी ) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। खुफिया और सुरक्षा मामलों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया तंत्र में काम करने का अनुभव उन्हें राजधानी की जटिल सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में मदद कर सकता है। गृह मंत्रालय की ओरे से अनुराग कुमार का नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। अनुराग कुमार बेहद कड़क और अनुशासित अधिकारी माने जाते हैं।
बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री
अनुराग कुमार 32 साल से अधिक से सेवा में हैं। उन्हें पिछले 5 वर्षों में 2 बार प्रमोशन मिला है। बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री रखने वाले अधिकारी को 2010 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल और 2016 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया है। अनुराग का कार्यकाल 3 साल का होगा और उन्हें गृह मंत्रालय की ओर से नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश के अनुसार अनुराग कुमार तत्काल पद ग्रहण करेंगे और पद संभालने के बाद अगले आदेश तक पद पर बने रहेंगे। उन्होंने अपना पदभार संभाल लिया है।



