
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. तापमान में जरूर कमी आई है, लेकिन उमस अब भी बरकरार है. मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि मानसून की दस्तक से दिल्ली में भीषण गर्मी वाला दौर अब दोबारा नहीं लौटेगा. गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम था. जबकि न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम था. राजधानी में नमी का अधिकतम स्तर 95 फीसद तथा न्यूनतम स्तर 61 फीसद दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के साथ-साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. सुबह के समय राजधानी के कई इलाकों में हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई और दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली.
मौसम विभाग के अनुसार, 8 जुलाई तक राजधानी का अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. आने वाले दो दिनों में इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी.
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली में शुक्रवार सुबह 7 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 88 अंक पर बना हुआ है, जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 78, गुरुग्राम में 73, गाजियाबाद में 85, ग्रेटर नोएडा में 82 और नोएडा में 88 अंक पर बना हुआ है. दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 100 से नीचे बना हुआ है. जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 100 से ऊपर बना हुआ है.



