
संवाददाता
गाजियाबाद । पूर्व सीडीओ अभिनव गोपाल का ट्रांसफर होने के बाद वर्ष 2022 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार सौरभ ने सीडीओ का कार्यभार संभाला। इससे पूर्व कुमार सौरभ जौनपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने नवनियुक्त कुमार सौरभ को नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कुमार सौरभ ने कहा कि उन्हें डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ के साथ पुन: काम करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वह शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आहवाहन किया।
आईएएस अभिनव गोपाल का शासन ने तबादला गोरखपुर उपाध्यक्ष पद पर किया था। मंगलवार को विकास भवन सभागार में उनका विदाई समारोह का आयोजन किया गया। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने पूर्व सीडीओ अभिनव गोपाल को नारियल भेंट कर व शॉल ओढ़ाकर विदाई दी। इसके अलावा जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित अन्य अधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी। नवनियुक्त सीडीओ कुमार सौरभ का भी स्वागत अधिकारियों ने किया। इस अवसर पर अभिनव गोपाल ने कहा कि गाजियाबाद की यादें उनके साथ सदैव रहेंगी। उन्होंने कहा कि जिले में कार्यकाल के दौरान हमेशा ही उन्हें अधिकारियों व कर्मचारियों से सहयोग मिला जो बेहद सराहनीय था। उन्होंने कहा कि स्थानातंरण सरकारी सेवा का हिस्सा है, लेकिन वह जहां भी रहेंगे, हमेशा जिले में कार्यकाल को याद रखेंगे।
डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि अभिनव गोपाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में टीमवर्क से ही कीर्तिमान स्थापित होते हैं और प्रत्येक अधिकारी का कार्य ही उसकी पहचान बनाता है। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल ने पूर्व सीडीओ और नवनियुक्त सीडीओ कुमार सौरभ के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने के लिए पे्ररित किया। नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अभिनव गोपाल के कार्यकाल की सराहना की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा सामाजिक संगठनों, एनजीओ के पदाधिकारियों ने भी पूर्व सीडीओ को विदाई दी।



