latest-newsएनसीआरदिल्ली

दिल्ली में ‘नमो यमुना’ क्रूज में 5 किमी का सफर और 1 घंटे की सैर: टिकट काउंटर तैयार, जानें कब होगा शुरू?

संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली की नई भाजपा सरकार राजधानी के निवासियों को एक बड़ी सौगात देने जा रही है. ‘नमो भारत’ ट्रेन के बाद अब दिल्लीवाले ‘नमो यमुना’ क्रूज के जरिए यमुना की लहरों पर सफर कर सकेंगे. दिल्ली सरकार के अधिकारियों के अनुसार, इस महीने यानी मई के अंत तक यमुना नदी में इस महत्वाकांक्षी क्रूज सेवा को हरी झंडी दिखाई जा सकती है. यमुना में क्रूज की शुरुआत वैसे तो 20 फरवरी को भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर होनी थी, लेकिन कुछ तकनीकी कार्यों और पेंटिंग की वजह से इसकी लॉन्चिंग टल गई थी. अब सफेद और नीले रंग का यह शानदार बोट पूरी तरह तैयार है, जिसे सोनिया विहार स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जल्द ही इसका भव्य उद्घाटन कर सकती हैं.

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने जानकारी दी है कि केंद्र सरकार के साथ मिलकर अगले एक महीने के भीतर इसके उद्घाटन की तारीख पर अंतिम मुहर लग जाएगी. यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुरी के बीच संचालित होगा. 5 किलोमीटर के इस सफर को पूरा करने में करीब एक घंटा लगेगा. यात्री क्रूज पर बैठकर यमुना के सुंदर घाटों और प्राकृतिक हरियाली का लुत्फ उठा सकेंगे.

बताया जा रहा है कि आम जनता के लिए इस क्रूज का किराया 500 रुपये प्रति व्यक्ति प्रस्तावित किया गया है. गर्मी को देखते हुए बोट को पूरी तरह एसी (AC) बनाया गया है. सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालन की योजना है. दोनों ही छोरों (स्टेशनों) पर टिकट काउंटर और यात्रियों के बैठने के लिए वेटिंग एरिया विकसित किए गए हैं. मुंबई की ‘इंस्पिरेशन मरीन प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा निर्मित यह आइलैंड बोट (IB-40) 40 फीट लंबा है, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस है.

पानी की कमी पर सरकार का जवाब

अक्सर गर्मी के मौसम में यमुना में पानी कम होने की समस्या रहती है, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वजीराबाद क्षेत्र में सालभर पानी का स्तर अच्छा रहता है, इसलिए इस हिस्से का चुनाव किया गया है. नदी सूखने की आशंका को दरकिनार करते हुए अधिकारियों ने कहा कि क्रूज का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहेगा.

रिवर फ्रंट और यमुना सफाई का विजन

दिल्ली में सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार के लिए यमुना की सफाई और रिवर फ्रंट का निर्माण एक बड़ा एजेंडा रहा है। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाना इसी योजना का हिस्सा है. आने वाले समय में यहाँ वाटर स्पोर्ट्स शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे यमुना न केवल आस्था का केंद्र रहे बल्कि दिल्ली की पर्यटन अर्थव्यवस्था को भी नई गति दे सके.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com