latest-newsएनसीआरदिल्ली

दिल्ली एम्स की बागडोर डॉक्टर निखिल टंडन के हाथ, बनाए गए कार्यकारी निदेशक

मौजूदा निदेशक एम. श्रीनिवास नीति आयोग के सदस्य नियुक्त किए गए.

संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली एम्स के कार्यकारी निदेशक के पद पर डॉक्टर निखिल टंडन को नियुक्त किया गया है. डॉक्टर निखिल टंडन अभी एम्स में एंडोक्रायनोलॉजी विभाग के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं. उन्हें एंडोक्रायनोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है. डॉक्टर निखिल टंडन एम्स के सीनियर प्रोफेसर हैं. एक दिन पहले ही एम्स के निदेशक प्रोफेसर एम. श्रीनिवास को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाले नीति आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया था.

नीति आयोग के सदस्य बने प्रोफेसर एम. श्रीनिवास

इसके बाद एम्स के अध्यक्ष केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के द्वारा आज प्रोफेसर निखिल टंडन को एम्स के कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की गई. उनकी नियुक्ति से संबंधित आदेश भी जारी कर दिया गया है. बता दें कि करीब तीन साल पहले ही एम्स के तत्कालीन निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया का कार्यकाल खत्म होने के बाद प्रोफेसर एम श्रीनिवास को आंध्र प्रदेश से ट्रांसफर करके दिल्ली एम्स का निदेशक बनाया गया था. प्रोफेसर एम. श्रीनिवास की नियुक्ति एम्स में निदेशक के पद पर विशेष तरीके से की गई थी. प्रोफेसर एम. श्रीनिवास एम्स का डायरेक्टर बनने की दौड़ में शामिल नहीं थे. ना ही उन्होंने इसके लिए आवेदन किया था, जिन लोगों ने आवेदन किया था उनको तरजीह ना देते हुए एक विशेष प्रक्रिया के तहत प्रोफेसर एम. श्रीनिवास को एम्स का निदेशक बनाया गया था, तब से वह इस पद पर बने हुए थे.

स्थायी नियुक्ति तक निखिल टंडन संभालेंगे कार्यभार

माना जा रहा है कि एम्स निदेशक के पद पर जब तक स्थाई नियुक्ति नहीं होगी तब तक कार्यकारी निदेशक के तौर पर डॉक्टर निखिल टंडन यह कार्यभार संभालते रहेंगे. दिल्ली एम्स देश का सबसे प्रमुख चिकित्सा संस्थान है. यह देशभर में स्वास्थ्य की नीतियां तैयार करने में और देश भर के शेष एम्स के भी मैनेजमेंट और ट्रीटमेंट प्रोटोकोल सहित सारी व्यवस्थाओं के नीति निर्धारण में मुख्य भूमिका निभाता है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com