
संवाददाता
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में अब तक 510 करोड़ रुपये से ज्यादा की जब्ती की गई है. विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता (MCC) लागू होने के बाद से ये जब्ती की गई है.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव में कुल 339 करोड़ रुपये की जब्ती दर्ज की गई थी.
चुनाव आयोग ने 15 मार्च को पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी. उसने राज्यों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा था.
विधानसभा चुनाव में जब्ती के संबंध में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रवर्तन एजेंसियों ने बंगाल में अब तक 510.10 करोड़ रुपये की जब्ती की है. इनमें से 30 करोड़ रुपये नकद शामिल हैं. आयोग के अनुसार, इसमें 126.85 करोड़ रुपये की शराब और 184.85 करोड़ रुपये की मुफ्त/अन्य चीजें शामिल हैं.
ईसीआई ने कहा, “इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में गैर-कानूनी सामान की कुल जब्ती 510 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है. यह 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान राज्य में हुई 339 करोड़ रुपये की जब्ती से भी ज्यादा है.”
इसके लिए चुनावी राज्य में 2,728 से ज्यादा फ्लाइंग स्क्वाड टीमें (FSTs) तैनात की गई हैं ताकि शिकायतों पर 100 मिनट के अंदर कार्रवाई हो सके. इसके अलावा, अलग-अलग जगहों पर अचानक नाके लगाने के लिए 3,142 से ज्यादा स्टेटिक सर्विलांस टीम (SSTs) भी तैनात की गई हैं. अवैध शराब बनाने, भंडारण करने और बांटने के खिलाफ खास ड्राइव चलाई जा रही हैं.
ईसीआई ने पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी. पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को संपन्न हुआ और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है. चुनाव नतीजे 4 मई को आएंगे.



