
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद । अखिरकार करीब 40 दिन बार जिला कचहरी में हड़ताल समाप्त होने के बाद आज से वकीलों ने कामकाज शुरू किया। वकीलों की हड़ताल समाप्त होने के बाद वादकारियों ने भी राहत की सांस ली। बता दें कि जिला जज की कोर्ट में 29 अक्टूबर को वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वकील चार नवंबर से हड़ताल पर थे।
जिसकी वजह से जिला बार में कामकाज नहीं हो पा रहा था। इस हड़ताल में जिला बार के वकील ही नहीं बल्कि तहसील, बैनामा लेखक, टाइपिस्ट और कचहरी परिसर में दुकान लगाने वाले दुकानदार भी शामिल रहे थे। इस मामले में कई बार आंदोलन उग्र हुआ। वकीलों ने सडक़ों पर जाम लगाया और कविनगर थाने में गिरफ्तारी देने भी पहुंचे। इस हड़ताल में पश्चिमी यूपी के 22 जिलों के वकील भी शामिल थे, जिसकी वजह से वादकारियों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। कल इस मामले में बार एसोसिएशन गाजियाबाद और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की जिला जज के साथ बैठक हुई जिसमें वकीलों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और घटना को खेदपूर्ण करार दिए जाने के बाद वकीलों ने हड़ताल वापस ले ली। हड़ताल समाप्त होने पर कचहरी से जुडे लोगों ने भी बड़ी राहत की सांस ली।



