
संवाददाता
नई दिल्ली । समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर तकरार बढ़ती जा रही है. सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे खारिज कर दिया है. कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने साफ कहा है कि पार्टी को दो अंकों में नहीं, बल्कि तीन अंकों में सीटें मिलनी चाहिए. यानी कांग्रेस कम से कम 100 सीटों पर अपनी दावेदारी से पीछे हटने को तैयार नहीं है.
दूसरी तरफ सपा की ओर से साफ संकेत दिया जा रहा है कि 26 सीटों की सूची तैयार है और बातचीत के दौरान इसमें दो से चार सीटें ही बढ़ सकती हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या दोनों दलों के बीच सीटों का फॉर्मूला निकल पाएगा या गठबंधन की राह मुश्किल होती जाएगी?
राजेंद्र पाल गौतम ने 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी सपा ने कई सीटों पर अपने उम्मीदवार वापस लिए थे. दोनों दलों को संयम से काम लेना चाहिए और सीटों पर अंतिम फैसला दोनों पार्टियों के नेतृत्व को करना चाहिए. कांग्रेस का रुख साफ है कि वह 26 सीटों पर समझौता नहीं करेगी. पार्टी कम से कम 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है.
इमरान मसूद बोले- गठबंधन के प्रति गंभीर नहीं है सपा
सपा की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने और 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि सपा का यह कदम बीजेपी को हराने की दिशा में नहीं है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि किस बात पर सूची जारी की गई है. इमरान ने कहा कि 2022 में भी यही काम किया गया था. सपा को खुद समझना चाहिए कि इस तरह के फैसले से क्या संदेश जा रहा है.
इमरान मसूद ने कहा कि सपा गठबंधन के प्रति बिल्कुल गंभीर नहीं दिख रही है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सामने कोई प्रस्ताव नहीं रखा गया है. जब दिल्ली में बातचीत हो रही है और लखनऊ से उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है तो फिर गठबंधन की बैठकों का क्या मतलब रह जाता है? उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का पार्टी नेतृत्व ही तय करेगा कि आगे क्या करना है. इमरान मसूद ने बीजेपी को हराने की गारंटी राहुल गांधी को बताते हुए कहा कि देश में बीजेपी को हराने की गारंटी राहुल गांधी हैं. उनके बयान से साफ है कि कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव को स्वीकार करने के मूड में नहीं है.
कांग्रेस ने 26 सीटों का ऑफर ठुकराया
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के लिए दो डिजिट नहीं, बल्कि तीन डिजिट में सीटें मिलना ही सम्मानजनक होगा. उन्होंने कहा कि सपा को सीटों के मामले में जल्दबाजी से बचना चाहिए. इमरान मसूद की नाराजगी को भी उन्होंने जायज बताया. उनका कहना है कि इमरान मसूद सहारनपुर से सांसद हैं और उनकी बात को गंभीरता से लिया जाना चाहिए.
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपा ने शुरुआती चरण में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया, वहीं कुछ चर्चाओं में सपा के 75 सीटों पर विचार करने और कांग्रेस की ओर से 100 से 181 सीटों तक की मांग की बातें सामने आई हैं. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर 26 सीटों से शुरुआत का जिक्र करते हुए गठबंधन की बातचीत को समझदारी से आगे बढ़ाने की बात कही है.
5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान
बातचीत के बीच सपा ने 5 विधानसभा सीटों (सहारनपुर, शामली, अमरोहा और ललितपुर सहित) पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए, जिनमें से चार सीटों पर सपा के मौजूदा विधायक हैं. इससे सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात सीटों को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी की खबरें भी सामने आई हैं.
प्रदर्शन का अलग-अलग आधार
सपा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों के नतीजों (2022 में सपा को 111 और कांग्रेस को 2 सीटें मिलने) को आधार बना रही है, जबकि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन और बदले हुए सियासी माहौल का हवाला दे रही है.
नेताओं की प्रतिक्रियाएं
सपा सांसद अवधेश प्रसाद के अनुसार सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत जारी है और कोई विरोधाभास नहीं है. वहीं, दोनों दलों के बीच बैठकों के बावजूद सीटों का अंतिम फॉर्मूला अभी तय नहीं हो पाया है.



