
संवाददाता
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सहयोगी जयंत चौधरी, संजय निषाद, ओम प्रकाश राजभर और अनुप्रिया पटेल बीजेपी से ज्यादा सीटों की डिमांड कर रहे । 2022 विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ केवल दो सहयोगी निषाद पार्टी और अपना दल (एस) थी। इन दोनों पार्टियों को बीजेपी ने 32 सीटें दी थी, जिसमें 23 पर जीत मिली थी।
2022 में सपा के साथ चुनाव लड़ने वाली आरएलडी और सुभासपा इस बार एनडीए खेमे में है। आरएलडी, सुभासपा, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी बीजेपी से इस बार 123 सीटों की मांग कर रही है। यानी बीजेपी को अगर अपने सहयोगियों को खुश करना है तो उसे अपने हिस्से की सीटें भी कुर्बान करनी होगी।
बीजेपी पदाधिकारियों की ओर से कहा जा रहा है कि एनडीए खेमे में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी खुद सहयोगी दलों से सीट शेयरिंग पर बात करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि दिसंबर महीने में एनडीए में सीट शेयरिंग का सारा काम पूरा कर लिया जाएगा।

एनडीए में किस दल की कितने सीटों पर दावेदारी?
- आरएलडी की 35 सीटों पर दावेदारी: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा की सहयोगी रही. तब आरएलडी ने 33 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर 9 पर जीत दर्ज की थी। पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने हाल ही में एक टीवी को दिए इंटरव्यू में कहा कि ये संभव है कि हम 2022 से ज्यादा सीटों पर भी लड़ें। उन्होंने यह भी कहा था कि वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा पूर्वांचल की कुछ सीटों पर भी अपनी पार्टी का उम्मीदवार उतारना चाहते हैं। आरएलडी के तमाम नेता दावा करते देखे जा रहे हैं कि 2027 में कम से कम उन्हें 35 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का मौका मिलना ही चाहिए। जयंत चौधरी 2027 में कुछ ऐसी सीटों पर भी दावेदारी कर रहे हैं जहां से बीजेपी के विधायक हैं। उदाहरण के लिए मथुरा की छाता सीट। जहां से राज्य सरकार में मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण विधायक हैं। जबकि आरएलडी इस सीट की मांग कर रहे हैं।

- सुभासपा भी 17 से पीछे हटने को तैयार नहीं: ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव समाज पार्टी (सुभासपा) 2022 में सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ी थी। तब उन्होंने 17 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, जिसमें छह पर जीत मिली थी। 2027 में ओपी राजभर बीजेपी से 25-30 सीटों की डिमांड कर रहे हैं। ओपी राजभर के बेटे अरुण राजभर एक टीवी इंटरव्यू में कह चुके हैं कि पूर्वांचल में उनकी ताकत के बिना किसी के लिए भी राह आसान नहीं है।
- अपना दल (एस) की भी मांग रही ज्यादा सीटें: केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (एस) को 2022 में बीजेपी ने 17 सीटों दी थी। जिसमें उनके 12 विधायक जीते थे. इस बार पार्टी कह रही है कि उन्होंने 2022 में शानदार स्ट्राइक रेट से जीत दर्ज की थी, इसलिए 2027 में बीजेपी उन्हें लड़ने के लिए कम से कम 30 सीटें दे।
- निषाद पार्टी उचित सम्मान कर रही मांग: राज्य सरकार में मंत्री संजय निषाद को बीजेपी ने 2022 में 16 सीटें दी थी। 10 सीटों पर निषाद पार्टी ने अपनी पार्टी के चुनाव चिन्ह पर प्रत्याशी उतारे थे, जिसमें छह पर उन्हें जीत मिली थी। बाकी छह पर निषाद पार्टी के उम्मीदवारों को बीजेपी ने अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ाया था, जिसमें पांच विधायक जीते थे। यानी निषाद पार्टी के 16 में से 11 उम्मीदवार जीते. 2027 में संजय निषाद दावा कर रहे हैं कि बीजेपी पूर्वांचल में जो सीटें हार गई थी, उन सीटों पर इस बार निषाद पार्टी को अपना उम्मीदवार उतारने का मौका मिलना चाहिए।
-
राजभर और संजय निषाद के बीच सीधा टकराव: सीटों की संख्या के अलावा, कुछ खास सीटों को लेकर सहयोगी दल आपस में ही आमने-सामने आ गए हैं। आजमगढ़ की अतरौलिया और चौरी-चौरा विधानसभा सीटों पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बीच सीधा विवाद देखा जा रहा है। संजय निषाद ने सीट बंटवारे से पहले ही अतरौलिया सीट पर राजभर द्वारा अपने बेटे के लिए दावेदारी और प्रचार शुरू करने पर खुले तौर पर नाराजगी जताई है।बीजेपी की रणनीति और समाधान के प्रयास24 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, सहयोगी दलों के बीच सामंजस्य बिठाने और संभावित रार को टालने के लिए बीजेपी ने राज्य के चार शीर्ष नेताओं को अलग-अलग दलों से बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी है ।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: आरएलडी (जयंत चौधरी) के साथ चर्चा करेंगे।
- उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक: अपना दल (एस) से बात करेंगे।
- उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य: सुभासपा (ओम प्रकाश राजभर) से संवाद करेंगे।
- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी: निषाद पार्टी (संजय निषाद) के साथ तालमेल बिठाएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन नेताओं के आकलन के बाद 28 और 29 नवंबर 2026 को दिल्ली में होने वाले मंथन सत्र में बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला ले सकता है।



