
संवाददाता
करांची। पाकिस्तान के लिए उसके राज्यों में उठ रही बगावत की आवाजें सिरदर्द बनी हुई हैं. 1971 में पूर्वी पाकिस्तान अलग होकर बांग्लादेश बन गया था. बलूचिस्तान में भी लंबे समय से आजादी की मांग उठ रही है. अब सिंध प्रांत में भी ‘सिंधुदेश’ नाम से अलग देश बनाने की मांग फिर जोड़ पकड़ रही है. 22 नवंबर 2026 को कराची में एक रैली हुई. इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए. दावा किया गया कि इनमें लोग ‘पाकिस्तान ना खप्पे’ यानी ‘हमें पाकिस्तान नहीं चाहिए’ और सिंधुदेश के समर्थन में नारे लगा रहे हैं. इस मामले ने 24 नवंबर को सिंध विधानसभा में भी हंगामा करा दिया. MQM-P के विधायकों ने सरकार से पूछा कि पाकिस्तान विरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है.
क्या है सिंधुदेश और किसने शुरू की थी इसकी मांग?
सिंधुदेश का मतलब है सिंध को पाकिस्तान से अलग करके एक स्वतंत्र देश बनाना. इस विचार को आंदोलन का रूप देने का श्रेय सिंधी नेता जी.एम. सैयद को दिया जाता है. 1971 में बांग्लादेश बनने के बाद जी.एम. सैयद ने सिंध की अलग पहचान और आजादी की मांग को आगे बढ़ाया. उन्होंने 1972 में जेय सिंध महाज की स्थापना की. उनका कहना था कि सिंध की अपनी पुरानी सभ्यता, भाषा, इतिहास और संस्कृति है. इसलिए सिंध के लोगों को अपने राजनीतिक भविष्य का फैसला खुद करने का अधिकार मिलना चाहिए. हालांकि, सिंध में सभी संगठन अलग देश की मांग नहीं करते. कुछ संगठन पाकिस्तान में रहते हुए सिंध को ज्यादा अधिकार देने की बात करते हैं. वहीं, कुछ संगठन पाकिस्तान से अलग होकर स्वतंत्र सिंधुदेश बनाना चाहते हैं.
22 नवंबर को कराची में क्या हुआ था?
22 नवंबर को जेय सिंध रहबर कमेटी (JSRC) ने कराची में ‘सिंध यूनिटी मार्च’ निकाला था. यह चार सिंधी राष्ट्रवादी संगठनों का गठबंधन है. रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. इसका नेतृत्व डॉ. नियाज कलानी और रियाज अली चंदियो समेत दूसरे नेताओं ने किया. वकील और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी इसमें शामिल हुए. पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, रैली का मकसद सिंध को नए प्रांतों या छोटे प्रशासनिक क्षेत्रों में बांटने की किसी भी कोशिश का विरोध करना था. दरअसल ऐसी खबरें आई हैं कि पाकिस्तान के चार प्रतों को सेना और सरकार 15 हिस्सों में बांटना चाहती है.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सिंध की ऐतिहासिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान को बांटा नहीं जा सकता. रैली में ‘सिंध एक है और एक ही रहेगा’ जैसे स्लोगन भी सुनने को मिले. आयोजकों ने यह भी कहा कि उनका आंदोलन किसी भाषा, धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं है. उन्होंने उर्दू बोलने वाले लोगों को भी सिंध की साझा पहचान का हिस्सा बताया. लेकिन रैली के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए. दावा किया गया कि इनमें सिंधुदेश के समर्थन और पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए जा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, जेय सिंध मुत्तहिदा महाज (JSMM) के कार्यकर्ता भी रैली में शामिल हुए थे. इन कार्यकर्ताओं ने सिंधुदेश के समर्थन में नारे लगाए और संगठन ने आजादी की मांग को आगे बढ़ाने की बात कही. रैली आयोजित करने वाला JSRC और स्वतंत्र सिंधुदेश की मांग करने वाला JSMM अलग-अलग संगठन हैं.
सिंध को बांटने की चर्चा से क्यों भड़का विवाद?
MQM-P नए प्रांत क्यों चाहती है?
पाकिस्तान की मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान यानी MQM-P नए प्रांत और छोटे प्रशासनिक क्षेत्र बनाने की समर्थक है. पार्टी का कहना है कि कराची और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों की समस्याओं का समाधान मौजूदा व्यवस्था में ठीक से नहीं हो पा रहा है. आबादी बढ़ने के साथ प्रशासनिक ढांचे में बदलाव जरूरी है. स्थानीय स्तर पर फैसले लेने का अधिकार भी बढ़ना चाहिए. वहीं दूसरी ओर सिंध की सत्ताधारी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और सिंधी राष्ट्रवादी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं. हाल ही में पूर्व मंत्री बिलावल भुट्टो ने चेतावनी दी थी कि अगर सिंध को बांटा गया तो यह अगले 30 सालों तक जलता रहेगा. उन्हें डर है कि प्रशासनिक बदलाव के नाम पर सिंध की पहचान और राजनीतिक ताकत कमजोर हो सकती है.
24 नवंबर को सिंध विधानसभा में क्या हुआ?
22 नवंबर की रैली के बाद 24 नवंबर को सिंध विधानसभा में कथित पाकिस्तान विरोधी नारों का मुद्दा उठा. द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, MQM-P के विधायक ताहा अहमद ने सवाल किया कि रैली में पाकिस्तान और सिंधुदेश से जुड़े नारे लगाने के मामले में कितनी FIR दर्ज की गई हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की एकता के खिलाफ नारे लगाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए. इस मुद्दे पर सदन में अलग-अलग दलों के विधायकों के बीच तीखी बहस हुई.
बलूचिस्तान में भी लंबे समय से उठ रही आजादी की मांग
पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत भी लंबे समय से केंद्र सरकार के साथ टकराव में है. यहां के कई नेताओं और संगठनों का आरोप है कि प्रांत के प्राकृतिक संसाधनों का फायदा स्थानीय लोगों को नहीं मिलता. वे अपने संसाधनों पर ज्यादा अधिकार, राजनीतिक हिस्सेदारी और ज्यादा स्वायत्तता की मांग करते रहे हैं. कुछ संगठन इससे आगे जाकर बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग स्वतंत्र देश बनाने की मांग करते हैं.



