latest-newsअपराधउत्तर प्रदेश

यूपी STF ने शूटर नसीम दुर्रानी को मार गिराया:इंस्टा बॉयो में लिखा था- नाम ‘बदनाम’, पता ‘तिहाड़ जेल’ और काम ‘मरने तक क्राइम’

संवाददाता

गाजियाबाद/बुलंदशहर । यूपी STF ने बुलंदशहर में शूटर नसीम दुर्रानी (37) को एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर 50 हजार का इनाम था। 4 दिन पहले दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर एक युवक की हत्या में वांटेड था।

STF और दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि नसीम बुलंदशहर में छिपा है। टीम ने उसकी लोकेशन में उसे घेरा तो उसने फायरिंग कर दी।

दोनों तरफ से 15-20 राउंड गोलियां चलीं। दुर्रानी के सीने में दो गोलियां लगीं। मुठभेड़ गुरुवार रात 1 बजे सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में हुई।

दिल्ली के रहने वाले नसीम ने अपने इंस्टाग्राम बायो में लिखा था- नाम ‘बदनाम’, पता ‘तिहाड़ जेल’ और काम ‘मरने तक क्राइम करने का’। उस पर 26 मुकदमे दर्ज थे। इनमें 4 हत्या के थे।

नसीम अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में भी रहा था। 2017 में छोटा शकील ने उसे तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी। उस पर पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप था।

नसीम के तीन बड़े क्राइम

1- 4 दिन पहले दिल्ली में युवक की हत्या की थी

नसीम ने 16 नवंबर को दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार में समीर नाम के युवक की गोली मारकर हत्या की थी। वारदात के बाद फरार हो गया था। इसके बाद से दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

2- मई 2026 में भी एक युवक की हत्या

26 मई 2026 को दिल्ली के खजूरी खास इलाके में फायरिंग हुई थी। इसमें राजा मेवाती नाम के व्यक्ति को गोली लग गई। जांच में नसीम को इस हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया गया।

3- गाजियाबाद में महिला को गोली मारी थी

STF के मुताबिक, 2025 में नसीम ने गाजियाबाद के लोनी में एक महिला पर फायरिंग की थी। इसमें महिला को गोली लगी थी, हालांकि उसकी जान बच गई। इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने नसीम पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।

नसीम की शादी हो चुकी थी, 3 बहनें हैं

नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुधु मूल रूप से दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर का रहने वाला था। परिवार में पिता इस्लामुद्दीन, मां नफीसा, पत्नी जेबा और तीन बहनें रुबीना, रानी और जीनत हैं।

पुलिस के अनुसार, नसीम का नाम साल 2010 से लगातार आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली और यूपी में 22 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमले से जुड़े मुकदमे शामिल हैं।

नसीम ने इंस्टा बॉयो में लिखा था- नो लव, ओनली क्राइम

STF की जांच में नसीम के इंस्टाग्राम अकाउंट सामने आया है। उसके 273 फॉलोअर्स हैं। कुल 32 पोस्ट की गई हैं। इनमें कुछ वीडियो हुक्का पीते हुए हैं, तो कुछ पेशी पर ले जाते समय के हैं।

पुलिस जांच कर रही है कि पुलिस कस्टडी और हथकड़ी लगे होने के बावजूद उसकी रील और तस्वीरें किसने बनाकर अपलोड कीं। कुछ तस्वीरों में आसपास पुलिसकर्मी भी नहीं दिख रहे हैं।

नसीम दुर्रानी ने इसी पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।

यूपी में 3 दिन में दूसरा एनकाउंटर

2 दिन पहले अंबेडकरनगर में सुपारी किलर वाहिद अंसारी (35) एनकाउंटर में मारा गया था। वह पूर्वांचल का बड़ा हथियार सप्लायर था। वह पैसे लेकर हत्याएं करता था। उसके सीने और पैर में 4 गोलियां लगीं। मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से एसपी प्राची सिंह बाल-बाल बच गई थीं।।

8 साल में 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया

यूपी में मार्च 2017 से अक्टूबर 2025 तक यूपी पुलिस ने 266 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया। इस दौरान 16,000 से अधिक पुलिस एनकाउंटर हुए, जिनमें 31,000 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए और 10,000 से अधिक को गोली मारी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com