
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के कनॉट प्लस (CP) में फिर एक बार विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया है. कनॉट प्लेस पर लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया है. रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती और दंगा रोधी गाड़ियों की मौजूदगी के बीच प्रदर्शनकारी मास्क और कपड़े से अपना चेहरा ढककर पहुंच रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने प्रदर्शन के लिए आपस में समन्वय किया है और जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, वे वहां से नहीं हटेंगे. आंसू गैस से निपटने की तैयारी की जा रही है. RAF की तैनाती की गई है. साथ ही, दंगा रोधी गाड़ियां भी मौजूद हैं.
कनॉट प्लेस में पालिका शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के गेट नंबर 4 के पास प्रदर्शन के दौरान दो गुटों के बीच भिड़ंत हो गई. यहां कुछ प्रदर्शनकारी मार्च निकाल रहे थे. इसी दौरान दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़े लोगों का एक समूह भी मौके पर पहुंच गया. उनके हाथों में लाठियां थीं. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच टकराव शुरू हो गया. जानकारी के मुताबिक, दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़े लोगों को वहां से खदेड़ा गया. करीब 10 मिनट तक टकराव की स्थिति बनी रही. बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया.
शनिवार को सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया गया था. रविवार को तीनों को दिल्ली की ACM कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिहा कर दिया गया. CJP ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है. पार्टी के अंजिक्य शिंदे ने कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा.
सीजेपी प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है इसमें पुलिस कल से अब तक हुई घटनाओं और कार्रवाई की पूरी जानकारी दी जा रही है . दूसरी तरफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली के आरके आश्रम में दोपहर 2:30 बजे विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है.
सरकार का अंत नजदीक: सौरव दास
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सौरव दास ने दावा किया कि इस सरकार का अंत नजदीक है. उन्होंने सरकार पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने का आरोप लगाया. सौरव दास ने पुलिस पर बंगाल साहिब गुरुद्वारे का अपमान करने का आरोप लगाया है. सौरव दास ने कहा कि इस घटना से सिखों की भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने कहा, ‘इस घटना से हमारे सिख भाई-बहनों की भावनाएं आहत हुई हैं.’
सीजेपी ने दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी गिरफ्तारियों के बीच सरकार पर नागरिकों और पत्रकारों के खिलाफ एक जंग छेड़ने का आरोप लगाया है. कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की आलोचना की है और हिरासत में लिए गए लोगों के साथ किए जा रहे बर्ताव पर चिंता जाहिर की है.
आशुतोष रांका ने कहा कि जिस तरह उन्हें सौरव दास और अभिजीत दिपके को अगवा किया गया वह गलत था. उन्होंने कहा, ‘कल अभिजीत की दादी का निधन हो गया. इस बारे में जब अभिजीत को बताया गया, तब भी दिल्ली पुलिस ने अमानवीय चेहरा दिखाया.’ उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस घटना को तमाशा बनाने की कोशिश की.
आशुतोष रांका ने कहा कि पिछले 72 घंटों में देश में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है. रांका ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी देश को बचाने और आगे बढ़ाने की है लेकिन वह समझौता कर चुका है. उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बीजेपी को जिताने के लिए काम कर रहे हैं.



