latest-newsदेश

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष, राहुल गांधी निकालेंगे राष्ट्रपति भवन तक मार्च

संवाददाता

नई दिल्ली । मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दलों का विरोध जारी है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक बार फिर विपक्षी सांसदों के साथ प्रदर्शन की तैयारी में हैं. विपक्षी गठबंधन की योजना संसद भवन परिसर से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की है. विपक्ष के नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों पर अपनी बात रखना चाहते हैं. विपक्षी दलों की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए. हालांकि, राष्ट्रपति भवन की ओर से विपक्षी नेताओं को मुलाकात के लिए अभी तक कोई समय नहीं दिए जाने की बात सामने आई है.

राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं को दिल्ली बुलाया

राष्ट्रपति से मुलाकात की कोशिश के बीच राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेताओं से संपर्क किया है. इनमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने इन नेताओं से दिल्ली पहुंचने का आग्रह किया है, ताकि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की ओर से एकजुट होकर आवाज उठाई जा सके. तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने भी गुरुवार को कोलकाता से दिल्ली रवाना होने से पहले संकेत दिया कि उन्हें वोट चोरी से जुड़े अहम मुद्दे पर चर्चा के लिए राजधानी आने को कहा गया है.

राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की तैयारी

विपक्षी दल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची से जुड़े अपने आरोपों से अवगत कराना चाहते हैं. साथ ही, वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी राष्ट्रपति के सामने रखने की तैयारी में हैं. विपक्ष की ओर से पहले भी मुलाकात के लिए अनुरोध भेजे जाने की बात कही गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को नेताओं के नाम के साथ दोबारा अनुरोध भेजकर 7, 8 या 9 अक्टूबर को मुलाकात का समय मांगा गया था. हालांकि, विपक्षी नेताओं का कहना है कि उन्हें अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. यदि मुलाकात का समय नहीं मिलता है, तो विपक्षी सांसद राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाल सकते हैं.

संविधान सदन में बैठक के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा

INDIA गठबंधन के सांसद शुक्रवार को दोपहर 3 बजे संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठक करने वाले हैं. इस बैठक में चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों और कथित वोट चोरी के आरोपों पर आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है. बैठक के बाद विपक्षी सांसद एक बार फिर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. गठबंधन के नेताओं का कहना है कि राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मिलने का इंतजार किया जा रहा है. यदि समय नहीं मिलता है, तो विरोध दर्ज कराने के अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता है.

अन्य स्थानों पर भी प्रदर्शन की संभावना

रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन के संभावित स्थानों में राष्ट्रपति भवन और उपराष्ट्रपति आवास के अलावा सेवा तीर्थ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास के आसपास के क्षेत्र भी शामिल हैं. हालांकि, इन स्थानों पर प्रदर्शन की योजना और उसके अंतिम स्वरूप को लेकर आधिकारिक पुष्टि जरूरी है.

राष्ट्रपति भवन के जवाब का इंतजार

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा था कि INDIA गठबंधन ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा है.  उनके अनुसार, इस संबंध में पहला अनुरोध पत्र 2 अक्टूबर को भेजा गया था. इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने मुलाकात में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे. फिलहाल विपक्षी दल राष्ट्रपति भवन की ओर से जवाब मिलने का इंतजार कर रहे हैं. इस बीच, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग और SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष का विरोध जारी है. आने वाले समय में राष्ट्रपति से मुलाकात और मार्च को लेकर विपक्ष की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com