latest-newsअपराधएनसीआरदिल्ली

मणिपुरी म्यूजिक टीचर हत्याकांड में दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, नाबालिगों समेत सभी आरोपी दबोचे; हत्या की FIR दर्ज

दिल्ली पुलिस का खुलासा, ढाबे के शोर पर एतराज़ करने पर मणिपुरी म्यूज़िक टीचर की पीट-पीटकर हत्या.

संवाददाता

नई दिल्ली। साउथ ईस्ट दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाना अंतर्गत किलोकरी गांव में बीती देर रात कुछ बेखौफ बदमाशों ने नॉर्थ ईस्ट (मणिपुर) के रहने वाले 54 वर्षीय मशहूर म्यूजिक टीचर विक्रम सिंह की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी. वारदात की सूचना मिलते ही एक्शन में आई दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिगों सहित मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है. इस हत्याकांड को लेकर साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी विनीत कुमार ने कई खुलासे किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, सनलाइट कॉलोनी थाना इलाके के किलोकरी गांव में बीते कई वर्षों से 54 वर्षीय विक्रम सिंह अपने परिवार के साथ रह रहे थे. वह दिल्ली के कई प्रतिष्ठित स्कूलों में बच्चों को संगीत सिखाते थे. घटना वाले दिन, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को उनके घर के बाहर कुछ युवकों का समूह शराब के नशे में धुत होकर हुड़दंग और हल्ला कर रहा था. विक्रम सिंह ने अपने घर के बाहर हो रहे शोर-शराबे का विरोध किया तो नशे में चूर बदमाश भड़क गए और उनपर जानलेवा हमला कर दिया.

मृतक के बेटे याइफ़ाबा ने बताया, “कुछ लोग शराब पी रहे थे और बहुत शोर मचा रहे थे. मेरे पिता नीचे गए और उनसे शोर न करने को कहा क्योंकि हमें परेशानी हो रही थी. उन्होंने मेरे पिता की पिटाई कर दी. जब हमने दरवाज़ा खोला, तो देखा कि मेरे पिता बिना शर्ट के थे और उन्हें पीटा जा रहा था. वे लोग भाग गए. मैं अपने पिता को इमरजेंसी रूम ले गया, जहां डॉक्टर ने बताया कि उनके बचने की उम्मीद बहुत कम है. बाद में डॉक्टर ने बताया कि उनकी मौत हो गई है.”

म्यूज़िशियन की मौत पर मंत्री किरेन रिजिजू जताया दुख

म्यूज़िशियन की मौत पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “यह बहुत दुखद घटना है. मणिपुर के रहने वाले विक्रम सिंह की कुछ डिलीवरी बॉय और एक ढाबे के कर्मचारियों के साथ बहस हुई थी, और लड़ाई के बाद उनकी मौत हो गई. मैंने साउथ दिल्ली रेंज के IGP, DCP और नॉर्थ-ईस्ट के लिए स्पेशल पुलिस सेल के जॉइंट CP से बात की है. सभी आठ आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. पुलिस ने विक्रम सिंह के परिवार से भी मुलाक़ात की. कल उनके शव को मणिपुर ले जाया जाएगा. पुलिस ने कहा है कि दो हफ़्ते के अंदर कोर्ट में मज़बूत चार्जशीट दाख़िल की जाएगी और सख़्त सज़ा मिलनी चाहिए.”

6 से 7 बदमाशों ने की मारपीट, अस्पताल में तोड़ा दम

इस घटना के एक पड़ोसी और गवाह ने बताया, “मैं इस घर में सात-आठ साल से रह रहा हूं. विक्रम यहां करीब नौ साल से तीसरी मंज़िल पर रह रहे थे. उनका एक बेटा और पत्नी हैं. उस रविवार की रात हम खाना खा रहे थे. जब तक मैंने खाना खत्म किया, तब तक आधी रात हो चुकी थी. मैं और मेरी बेटी सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक-दो मिनट के अंदर हमें चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें सुनाई दीं. वह बहुत डरावनी आवाज़ थी.” चश्मदीदों और परिजनों के मुताबिक, तकरीबन 6 से 7 की संख्या में आए बदमाशों ने विक्रम सिंह को घेर लिया और उन पर लात-घूंसों व थप्पड़ों की बरसात कर दी. बदमाशों ने उन्हें तब तक बेरहमी से पीटा जब तक कि वह लहुलूहान होकर जमीन पर नहीं गिर गए. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए.

परिजनों का फूटा गुस्सा, सुरक्षा पर उठाए सवाल

इस हत्याकांड के बाद मृतक के परिजनों और दिल्ली में रहने वाले नॉर्थ ईस्ट के समुदाय में भारी आक्रोश का माहौल है. परिजनों ने सनलाइट कॉलोनी थाने पहुंचकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. पीड़ित परिवार का कहना है, “अगर हम नॉर्थ ईस्ट के लोग देश की राजधानी में ही सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर हम कहां सुरक्षित रहेंगे? हमारे समुदाय के लोगों पर अक्सर इस तरह के हमले होते रहते हैं. हम सरकार और प्रशासन से मांग करते हैं कि हमें दिल्ली में सुरक्षा दी जाए और इस कायरतापूर्ण हरकत को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों को फांसी या कड़ी से कड़ी सजा मिले.”

पूरे मामले पर डीसीपी का बयान

साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी विनीत कुमार के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र के किलोकारी गांव में घर के बाहर शोर-शराबे का विरोध करने पर 54 वर्षीय रिटायर्ड म्यूजिशियन विक्रम सिंह के साथ डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों ने मारपीट की, जिससे अस्पताल में उनकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों (जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं) को हिरासत में लिया है.ट

डीसीपी विनीत कुमार ने आगे बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. मारपीट और मौत की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है और कानून के अनुसार ज़रूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जांच के दौरान और तथ्य सामने आएंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com