संवाददाता
रांची। झारखंड में छात्रों के आंदोलन के बीच बड़ी खबर सामने आई है. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया गया है. सीआईडी ने यह कार्रवाई की है. यह गिरफ्तारी JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित गड़बड़ियों की जांच के दौरान हुई है.
बता दें कि इस परीक्षा के रिजल्ट को लेकर छात्र लगातार सवाल उठा रहे हैं. इसे लेकर छात्रों का आंदोलन भी चल रहा है. JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा है. मामले की जांच सीआईडी कर रही है. जांच के दौरान सीआईडी की टीम ने JPSC मुख्यालय में छापेमारी भी की थी.
जांच के बीच दिया था इस्तीफा
एल. खियांग्ते ने हाल ही में जेपीएससी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था. उन्होंने ई-मेल के जरिए अपना इस्तीफा राजभवन भेजा था. उनका इस्तीफा ऐसे समय आया था, जब 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर विवाद चल रहा था. छात्रों ने परीक्षा के परिणाम में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया था. इसे लेकर छात्र लगातार आंदोलन भी कर रहे हैं.
सीआईडी कर रही मामले की जांच
मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई है. जांच के दौरान जेपीएससी कार्यालय में भी कार्रवाई की गई. अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ के साथ दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. अब पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते की गिरफ्तारी से मामले में नया मोड़ आ गया है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ियां कैसे हुईं और इसमें किन लोगों की भूमिका थी. छात्र लंबे समय से परीक्षा में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए.
कौन हैं एल. खियांग्ते?
- लालबियाक्तलुआंगा खियांग्ते यानी एल. खियांग्ते झारखंड कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं. उनका जन्म 26 अक्टूबर 1964 को हुआ था. वह इतिहास विषय से ग्रेजुएट हैं.
- खियांग्ते झारखंड सरकार में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं. वह 6 दिसंबर 2023 से 31 अक्टूबर 2024 तक झारखंड के मुख्य सचिव भी रहे.
- अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने कई जिम्मेदारियां संभालीं. वह अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव जैसे पदों पर रहे. उन्होंने महानिदेशक और परीक्षा नियंत्रक के तौर पर भी काम किया.
- इसके अलावा वह जिला कलेक्टर और मजिस्ट्रेट भी रह चुके हैं. उन्होंने डिप्टी कमिश्नर, एसडीओ और डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर जैसे पदों पर भी काम किया.
- खियांग्ते का प्रशासनिक अनुभव काफी लंबा रहा है. उन्होंने झारखंड सरकार के अलग-अलग विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.



