
संवाददाता
नई दिल्ली। करीब डेढ़ महीने के इंतजार के बाद दिल्ली भाजपा की नई टीम घोषित कर दी गई है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली प्रदेश भाजपा की मेन बॉडी के अलावा अन्य सभी आठ मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा कर दी है.
हर्ष मल्होत्रा की नई प्रदेश टीम घोषित
हर्ष मल्होत्रा की प्रदेश टीम की बात करें तो 10 प्रदेश उपाध्यक्ष, तीन प्रदेश महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष, नौ प्रदेश मंत्री, एक कार्यालय मंत्री, एक सह कार्यालय मंत्री, एक मीडिया प्रमुख, एक मुख्य प्रवक्ता, एक मीडिया रिलेशंस प्रमुख, एक सोशल मीडिया हेड और आईटी प्रमुख के साथ ही कुल 30 प्रदेश पदाधिकारियों की टीम घोषित की गई है.

हर्ष मल्होत्रा ने 50 दिन के अंदर ही कर दी टीम की घोषणा
बता दें कि हर्ष मल्होत्रा को 29 मई को दिल्ली भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया था. उसके बाद उन्होंने सक्रियता दिखाते हुए 15 दिन के अंदर ही जिला कमेटियों का गठन करने के लिए ऑब्जर्वर्स की घोषणा कर दी थी, जिसके बाद तय समय पर जिला कमेटियों की भी घोषणा हो गई. उसके बाद करीब 50 दिन के अंदर ही उन्होंने अपने प्रदेश पदाधिकारियों की टीम की भी घोषणा कर दी है. हर्ष मल्होत्रा को संगठन में काम करने का बड़ा अनुभव है. यह बात उन्होंने कम समय में ही जिला कमेटियों और प्रदेश कमेटी की जल्दी घोषणा करके साबित कर दी है.
आठ लोगों को मिली मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की कमान
अगर 8 अन्य मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की बात करें तो युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रजत चौधरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष के पद पर अर्चना गुप्ता, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष के पद पर संतोष पाल, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष पद पर लाजपत राय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर सीएल मीणा, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष के पद पर संतोष ओझा, किसान मोर्चा अध्यक्ष के पद पर देवेंद्र सोलंकी और अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष के पद पर अनीस अब्बासी को नियुक्त किया गया है.
इन मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों को मिला फिर से मौका
अगर आठ मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष पद पर दोबारा मौका मिलने की बात करें तो अनुसूचित जनजाति प्रदेश अध्यक्ष के पद पर सीएल मीणा को फिर से मौका दिया गया है. वहीं, पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पर संतोष ओझा को भी दोबारा नियुक्त किया गया है. किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर देवेंद्र सोलंकी और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष पद पर अनीस अब्बासी को भी दोबारा से मौका दिया गया है.



