latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाद

गाजियाबाद में दोस्तों ने युवक को बर्थडे पार्टी में बुलाकर की हत्या, चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में एक युवक की उसके दोस्तों ने जन्मदिन पार्टी में बुलाकर चाकू मारकर हत्या कर दी.

संवाददाता

गाजियाबाद । गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. मोहित शर्मा को नहीं पता था कि जिन दोस्तों पर वह सबसे ज्यादा विश्वास करता है एक दिन वह उसी की जान ले लेंगे. जन्मदिन की पार्टी का न्योता मिला तो मोहित बेफिक्र होकर दोस्तों के बीच पहुंचा था. लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी पार्टी साबित होगी. जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर मोहित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई.

दोस्तों ने चाकू से गोदकर की हत्या

मृतक मोहित के भाई ने बताया, मोहित की दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. जिसके बाद कंप्रोमाइज कर मामले को खत्म कर दिया गया था. लेकिन दूसरा पक्ष लगातार रंजिश मानता रहा. हत्या के बाद हमें पता चला कि मोहित की हत्या करने की काफी समय से प्लानिंग की जा रही थी. मोहित के दोस्त उसे गाजियाबाद से बाहर ले जाकर मारने की योजना बना रहे थे. उन्होंने बताया कि मोहित को उसके दोस्त खाटू श्याम भी लेकर गए थे. खाटू श्याम से वापस लौट आने के बाद दोस्त मोहित को अगले दिन हरिद्वार ले गए. हरिद्वार से वापस आने के दो दिन बाद जन्मदिन मनाने के बहाने मोहित को दोस्तों ने अपने घर बुलाया. घर बुलाकर उसे शराब पिलाई गई इसके बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई.

मृतक के भाई का आरोप है कि 6 दोस्तों ने मिलकर उसके भाई मोहित की हत्या की है. धोखे से बुलाकर हत्या की गई है. मोहित की छाती पर चाकू मारने के घाव साफ दिखाई दे रहे. ऐसा प्रतीत होता है की अन्य दोस्तों ने उसके हाथ पैर पकड़े जबकि बाकी ने उसकी छाती पर चाकुओं से हमला किया.

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक, 2 जून 2026 को सुबह करीब 03:30 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के न्यू शांतिनगर एरिया में 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोहित शर्मा को कुछ व्यक्तियों के द्वारा चाकू मार दिया गया है. इस सूचना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम के द्वारा वहां पहुंचकर घायल व्यक्ति को इलाज हेतु एमएमजी अस्पताल पहुँचाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

प्रियाश्री पाल ने आगे बताया, प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि मोहित शर्मा के बाकी दोस्तों के साथ उसके साथ पहले भी लड़ाई हुई थी और कल रात को पार्टी करते हुए नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए यहां पुनः लड़ाई हुई और उसी में गाली-गलौज के बाद इसे चाकू मार दिया गया, जिसके दौरान इसकी मृत्यु हो गई. परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है. अभियुक्तगणों को हिरासत में ले लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com