
संवाददाता
मुंबई । प्रोड्यूसर अमित जानी की फिल्म ‘काला हिरण’ लगातार चर्चा में बनी हुई है. इस फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि ये बॉलीवुड एक्टर सलमान खान से जुड़े काला हिरण शिकार मामले पर बेस्ड है. इस फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए सलमान खान की तरफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी. इसके बाद मेकर्स को नोटिस जारी किया गया और 19 जून को अगली सुनवाई होनी है. इसी बीच फिल्म ‘काला हिरण’ में काम कर रहे स्टार्स के रिएक्शन सामने आ रहे हैं और वह फिल्म छोड़ रहे हैं. पहले वेटरन एक्टर गोविंद नामदेव फिल्म से हटे और अब लीड एक्टर का रोल करने वाले सोनू मिश्रा ने फिल्म छोड़ने की बात कही है. वह फिल्म ‘काला हिरण’ में सलमान खान का रोल प्ले कर रहे थे.
फिल्म ‘काला हिरण’ के लीड एक्टर सोनू मिश्रा ने कही ये बात
सोनू मिश्रा ने यूट्यूब चैनल ‘बॉलीवुड क्रेजी’ से बातचीत में कहा, ‘मैं फिल्म काला हिरण के लिए काफी एक्साइटेड था. मुझे सुपरस्टार सलमान खान का रोल करने का मौका मिला. मैंने शूटिंग शुरू कर दी थी. जब नैरेटिव बनने लगा तब समझ आया कि फिल्म बनाने के लिए पीछे इरादा क्या है. 15 साल से ज्यादा समय से एक्टिंग कर रहा हूं. मैं ऐसी फिल्म का पार्ट नहीं बनना चाहता. इसमें कोई दो राय नहीं है कि उनका एक नजरिया है लेकिन अगर आप सलमान खान को निगेटिव दिखाना चाहते हो तो मैं दूसरे प्रोजक्ट करूंगा.’ उन्होंने आगे बताया, ‘फिल्म की दो दिन की शूटिंग के बाद मैंने स्क्रिप्ट मांगी. लीड एक्टर होने के नाते मैंने स्क्रिप्ट और एग्रीमेंट के क्लॉज मांगे. मेकर्स को अहसास हो गया कि ये मुझे कंट्रोल नहीं कर पाएंगे. बहुत देर करने के बाद उन लोगों ने कॉन्ट्रैक्ट दिखाया, जिसमें मुझे मीडिया में सलमान खान के खिलाफ बोलना था. ये चीजें मेरे एथिक्स के खिलाफ थीं.’
गोविंद नामदेव ने भी छोड़ी फिल्म ‘काला हिरण’
सोनू मिश्रा ने बताया कि फिल्म ‘काला हिरण’ सलमान खान के खिलाफ है. लीगल नोटिस भी उन तक डायरेक्टली नहीं पहुंचा है. ये सब हाइप क्रिएट करने के लिए है. इससे मेकर्स फेमस हो गए हैं. बताते चलें कि फिल्म ‘काला हिरण’ में वकील का रोल करने वाले एक्टर गोविंद नामदेव ने कहा था कि मेकर्स उन्हें धोखे में रखा था. उन्हें नहीं पता था कि फिल्म में सलमान खान की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. इस तरह से फिल्म ‘काला हिरण’ से गोविंद नामदेव और सोनू मिश्रा ने पैर पीछे खींच लिए हैं.



