
संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा जाट और गुर्जर समाज की महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस बयान के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में जाट और गुर्जर समाज की महिलाएं गाजियाबाद कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिला अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान की गई टिप्पणी से उनके सम्मान और सामाजिक छवि को ठेस पहुंची है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य फैलाते हैं और महिलाओं के सम्मान पर सीधा प्रहार हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। महिलाओं ने यह भी कहा कि सार्वजनिक मंचों से इस तरह की टिप्पणी करने वालों पर सख्त रोक लगाई जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महिलाओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग न कर सके।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी मौजूद थे, ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या उन्होंने इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया दी या नहीं।
महिलाओं का कहना था कि यह मामला केवल एक बयान का नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता और सार्वजनिक मंचों पर मर्यादा के गिरते स्तर से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर उदाहरण प्रस्तुत किया जाना चाहिए।



