latest-newsउत्तर प्रदेश

राहुल गांधी ने PM मोदी और गृह मंत्री को ‘गद्दार’ कहा; बोले- देश में आने वाला है आर्थिक तूफान

राहुल गांधी ने रायबरेली में कहा कि अगले 3-4 महीने में ऐसी महंगाई आएगी, जिसे आपने जीवन में कभी नहीं देखा होगा.

संवाददाता

रायबरेली । कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर अमर्यादित टिप्पणी की है. राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को ‘गद्दार’ कहा. रायबरेली दौरे के दूसरे दिन राहुल ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा.

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में कहा कि अगले 3-4 महीने में ऐसी महंगाई आएगी, जिसे आपने जीवन में कभी नहीं देखा होगा. तेल नहीं मिलेगा, गैस नहीं मिलेगी, किसानों को खाद नहीं मिलेगा. इस महंगाई का सबसे ज्यादा शिकार हमारे किसान, युवा और महिलाएं होंगे.

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश ऐसी आर्थिक हालत कर दी है, कि अब संभलना मुश्किल है. उन्होंने देश को पूंजीपतियों के हाथ बेच दिया है. देश के संविधान को नरेंद्र मोदी ने फाड़कर फेंक दिया है. अब ऐसा आर्थिक तूफान आने वाला है, जिससे कोई नहीं बच पाएगा. तब नरेंद्र मोदी टीवी पर आकर रोएंगे.

अंबेडकर-वीरा पासी को किया याद

राहुल गांधी ने कहा कि आज हम वीरा पासी जी को याद कर रहे हैं. जो विचारधारा अंबडेकर और वीरापासी की थी, उसकी रक्षा ठीक से नहीं हो रही है. हमारे सामने संविधान पर हमला हो रहा है.

संविधान कोई मामूली किताब नहीं है. यह एक विचारधारा है, जो कि अंबडेकर, वीरा पासी, महात्मा गांधी के खून में थी. हमारे आंखों के सामने इस विचारधारा का अपमान होता है, तो हम चुप हो जाते हैं.

संविधान पर RSS खुलकर हमला करता है. जो लोग अंबडेकर की मूर्ति पर माथा टेकते हैं, वही इनका अपमान करते हैं. विचारधारा पर आक्रमण करते हैं. आपके सामने संविधान को फाड़कर फेंका जाता है, तो आप चुप हो जाते हैं. इसकी रक्षा करना आपका फर्ज है.

PM मोदी पर हमलावर

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदो और खुद विदेश चले जाते हैं. पीएम वोट चोरी करता है, जाति जनगणना नहीं करता, अडानी-अंबानी को देश बेच देता है. हमे अंबडेकर और वीरापासी की विचारधारा की रक्षा करनी है.

राहुल गांधी का रायबरेली दौरे के दूसरे दिन भुएमऊ गेस्ट हाउस में समाज के विभिन्न वर्गों से मुलाकात की. अलग-अलग डेलिगेशन से मिलने के बाद राहुल गांधी राही ब्लॉक के लोधवारी गांव में अमर शहीद वीरा पासी की मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे. इसके बाद राहुल गांधी ने बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित किया.

भीषण गर्मी में भी कांग्रेस के समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी. राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा. कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद तनुज पुनिया, विधायक आराधना मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी, सांसद अमेठी किशोरी लाल शर्मा, कांग्रेस अनुसूचित जाति विंग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, दीपक सिंह, डॉ. मनीष सिंह, पंकज तिवारी सहित अनेक कांग्रेस नेता भी मंच पर उपस्थित रहे.

अमेठी रवाना हुए राहुल गांधी

कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी अमेठी संसदीय क्षेत्र चले गए. अमेठी मे राहुल गांधी मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल मे 22 लाख की लागत से लगी USG मशीन का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही वह गौरीगंज और अमेठी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com