
संवाददाता
गाजियाबाद । नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि दोपहर में ही रात जैसा नजारा देखने को मिल रहा है. चिलचिलाती गर्मी के बीच आसमान में काले घने बादलों ने डेरा डाल लिया है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है. धूल भरी तेज हवाओं के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है. बादलों की भीषण गड़गड़ाहट ने मानसून जैसी आहट पैदा कर दी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में एनसीआर के इन प्रमुख शहरों में तेज बारिश की प्रबल संभावना है. धूल भरी आंधी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.
दिल्ली में तेज बारिश के साथ गिर रहे ओले
नोएडा और पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन, शाहदरा और विवेक विहार जैसे इलाकों में जमकर ओले गिरे. पहले ही दिन में अंधेरा छाने के साथ ओले गिरने और भीषण बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई थी. अब आईएमडी की तरफ से कहा गया है कि अगले 2 घंटों के दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं.
अगले दो घंटे रहना होगा सावधान
वहीं, मध्य और दक्षिण दिल्ली के आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम और लाजपत नगर समेत कई प्रमुख हिस्सों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का सिलसिला शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 120 मिनट के लिए इन इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. धूल भरी आंधी और बारिश के मेल ने तापमान को गिरा दिया है, लेकिन विजिबिलिटी कम होने से यातायात पर असर पड़ने की प्रबल आशंका है.



