
संवाददाता
नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की SIR के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग से ठनी हुई है. ममता बनर्जी सोमवार को 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल के साथ दिल्ली स्थित मुख्य चुनाव आयोग के ऑफिस पहुंचीं हैं. ममता के साथ उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद हैं. साथ में टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी के अलावा 12 लोग चुनाव आयोग गए हैं, जिसमें 2 BLO, 5 मृत परिजन और 5 जीवित लोग हैं जिन्हें मृत दिखाया गया है. इस दौरान ममता समेत सभी ने काला शॉल ओढ़ रखा था. मुलाकात के बाद बाहर निकली ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर बड़ा हमला बोला
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी SIR के मुद्दे पर रविवार रात को SIR में विसंगतियां और कथित प्रताड़ना झेलने वाले परिवारों को लेकर दिल्ली पहुंची थीं. इस बीच उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस बंगाल से गए लोगों को प्रताड़ित कर रही है. सोमवार सुबह उन्होंने चाणक्यपुरी और हेली रोड स्थित बंग भवन का दौरा किया, जहां ये परिवार रुके हुए हैं. यहां उन्होंने दिल्ली पुलिस की ओर से बंग भवन के आसपास लगाई गई निगरानी पर सवाल उठाया.
ममता ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना
चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात के बाद CM ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं बहुत दुखी हूं. मैं बहुत लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में शामिल हूं. 4 बार मंत्री और 7 बार सांसद रही हूं. मैंने ऐसा अहंकारी और झूठा चुनाव आयुक्त कभी नहीं देखा. मैंने उनसे कहा कि मैं आपकी कुर्सी की इज्जत करती हूं क्योंकि कोई भी कुर्सी किसी के लिए स्थायी नहीं होती. एक दिन आपको जाना ही होगा.”
बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है?
CM ममता बनर्जी ने आगे कहा कि बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है. चुनाव लोकतंत्र में एक त्योहार होते हैं, लेकिन आपने 98 लाख लोगों के नाम हटा दिए और उन्हें अपना बचाव करने का मौका नहीं दिया. आखिर पश्चिम बंगाल को क्यों टारगेट किया जा रहा है. अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष है तो असम में एसआईआर क्यों नहीं कराया गया. ममता बनर्जी का आरोप है कि चुनाव आयोग चीफ के पास उनके किसी भी सवाल का जवाब नहीं था.



