
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद । पर्वतीय प्रवासी जनकल्याण समिति इंदिरापुरम द्वारा आयोजित उत्तरैणी-मकरैणी महोत्सव के तीसरे दिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समापन समारोह में भाग लिया। उन्होंने अपने भाषण में इस समारोह की सराहना की। समापन के मौके पर विभिन्न कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी दर्शकों का दिल जीत लिया।
पर्वतीय प्रवासी जनकल्याण समिति इंदिरापुरम के मीडिया प्रभारी, गिरीश रावत, ने बताया कि यह तीन दिवसीय उत्तरैणी-मकरैणी 2025 कौथिक सांस्कृतिक महोत्सव शिप्रा मॉल ग्राउंड में आयोजित किया गया था। अंतिम दिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सभी का स्वागत किया तथा कहा कि उन्हें इस आयोजन में आकर अत्यंत खुशी हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि यहाँ उपस्थित होने पर ऐसा महसूस हो रहा है कि वह उत्तरखंड में हैं, न की गाजियाबाद में। समारोह में उत्तराखंड की संस्कृति, वेशभूषा, और मिठास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
यूपी के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा भी समारोह में मौजूद रहे।
उन्होंने सभी से कहा कि आप लोग उत्तराखंड से दूर रहते हुए भी उसकी संस्कृति और विरासत को संजोते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके लिए आपकी सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव केवल हमारी संस्कृति, लोककला और लोक संगीत को बढ़ावा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आकर यहाँ रह रहे लोगों को एकजुट करने में भी सहायक होते हैं। विविध स्टालों के माध्यम से उत्तराखंडी व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया है, जिससे लोग पहाड़ी व्यंजन का आनंद ले सकेंगे।
उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को एनसीआर में जीवित रखने के लिए समिति का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। समापन समारोह में उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री के सितारे पन्नू गुसाई, लोक गायक दर्शन फरस्वांण, लोक गायिका खुशी जोशी, श्रवण भारद्वाज और गीतकार संतोष खेतवाल ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात आरती के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।



