latest-newsएनसीआरदिल्ली

दिल्ली में चौथी मंजिल और ऊपर के लिए नए नियम लागू, नहीं जाने तो बिल्डिंग हो जाएगी सील, एमसीडी का बड़ा फैसला

संवाददाता

नई दिल्ली । राजधानी के मालवीय नगर स्थित होटल में जून 2026 में लगी भीषण आग के बाद दिल्ली नगर निगम ने बिल्डिंगों को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं. इस अग्निकांड में 22 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी. जिनमें एक पूरा परिवार स्वाहा हो गया था और कई विदेशियों की भी जानें चली गई थीं. अब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने गेस्ट हाउस और लॉजिंग वाले प्रतिष्ठानों के लिए नियम और सख्त कर दिए हैं, साथ ही चेतावनी दी है कि अगर लोगों ने नियमों का उल्लंघन किया तो उनकी बिल्डिंग सील भी हो सकती है.

एमसीडी का नया नियम क्या कहता है?
एमसीडी के नए नियम के अनुसार अब दिल्ली में चौथी मंजिल या उससे ऊपर किसी भी तरह की कॉमर्शियल गतिविधि करने पर पूरी तरह पाबंदी है. इन मंजिलों में कोई भी गेस्ट हाउस, कमर्शियल लॉजिंग या आवास की गतिविधि चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है. यानि चौथे फ्लोर से ऊपर बिना अनुमति के किराए पर घर देना भी बैन है.
किराए पर कमरे देने पर भी पाबंदी
इन नए नियमों के अनुसार अगर कोई व्यक्ति इमारत की चौथी मंजिल या उससे ऊपर कमरे बनाता है और उन्हें किराए पर उठाकर कमाई करता है तो यह अब नियम के खिलाफ है. एमसीडी ने साफ कहा है कि चौथी मंजिल पर गेस्ट अकोमॉडेशन, रिसेप्शन या कोई भी कमर्शियल लॉजिंग का काम नहीं किया जा सकेगा. आप सिर्फ 4 मंजिल तक ही घर बनाकर किराए पर घर या कमरा दे सकेंगे.

12 मीटर ऊंचाई वाली इमारतों के लिए नियम क्या हैं?
जिन इमारतों की ऊंचाई 12 मीटर या उससे ज्यादा है (आमतौर पर ग्राउंड प्लस तीन मंजिल), उनमें गेस्ट हाउस चलाने के लिए दिल्ली फायर सर्विस का वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट (एफएससी) होना अनिवार्य है. अगर कोई व्यक्ति बिना इस सर्टिफिकेट के या एक्सपायर्ड सर्टिफिकेट के गैस्ट हाउस चला रहा है तो एमसीडी की कार्रवाई में उसकी इमारत सील हो सकती है. या फिर लाइसेंस रद्द हो सकता है और बिजली-पानी भी काटा जा सकता है.

12 मीटर से छोटी इमारतों के लिए क्या हैं नियम?
एमसीडी ने इन इमारतों को फायर सेफ्टी में छूट दी है. इन पर फायर सर्टिफिकेट की अनिवार्यता नहीं है, लेकिन बुनियादी सुरक्षा इंतजाम जरूरी होंगे. जैसे साफ निकास मार्ग, काम करने वाले अग्निशामक यंत्र और आग से बचाव के दूसरे इंतजाम आदि. इन इमारतों में सीढ़ियों से उतरने की पर्याप्त जगह होना जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उतरा जा सके.

क्यों आया यह नियम?
बता दें कि दिल्ली में आए दिन आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, हालांकि पिछले कुछ दिनों में राजधानी में कई बड़े अग्निकांड हुए हैं, इनमें मालवीय नगर जैसी घटनाएं नजीर हैं. जहां घटनाओं की जांच के बाद प्रशासन ने देखा कि ऊपरी मंजिलों पर बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्थाओं के गेस्ट हाउस चल रहे थे. आग लगने पर बचाव मुश्किल हो जाता है. इसलिए अब इमारतों को लेकर सख्ती बढ़ाई गई है. एमसीडी पूरे दिल्ली में गेस्ट हाउसों का सर्वे भी कर रही है. अगर आप चौथी मंजिल या ऊपर कमर्शियल इस्तेमाल का प्लान बना रहे हैं, तो पहले नियमों की पूरी जांच कर लें. उल्लंघन पर भारी जुर्माना और सीलिंग की कार्रवाई हो सकती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com