
संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है।
पहले तो दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ-साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया गया। ऐसे में जब सवाल उठा कि अब CJP आंदोलन की कमान किसके हाथों में होगी? तो प्री-रिकॉर्डेड वीडियो पोस्ट करते हुए अभिजीत दीपके ने बड़ा एलान कर दिया है।
अजिंक्य शिंदे संभालेंगे CJP आंदोलन की कमान
गौर करने वाली बात यह भी है कि वीडियो में अभिजीत दीपके ने पहले ही कह दिया था कि वे इस विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली आ रहे हैं और गिरफ्तारी का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
वीडियो में दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया था कि सरकार सुरक्षा पाबंदियों का इस्तेमाल करके लोगों को इस आंदोलन में शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली में भारी सुरक्षा और पुलिस का कड़ा पहरा
गौरतलब है कि CJP के इस प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत कम से कम 1500 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
इतना ही नहीं शनिवार सुबह 6 बजे से ही शहर भर में कड़े ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू कर दिए गए हैं। जंतर-मंतर और आसपास के अहम चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात है, जो हर आने-जाने वाले वाहन और व्यक्ति की कड़ी चेकिंग कर रहा है।



