
संवाददाता
बुलंदशहर। बुलंदशहर के शिकारपुर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा का निधन हो गया। बुधवार दोपहर 12 बजे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। 63 साल के अनिल शर्मा 2023 से कैंसर से जूझ रहे थे। वह चार बार विधायक रहे और योगी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री (वन एवं पर्यावरण) थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बुलंदशहर जनपद और शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रधानी के चुनाव से सियासी शुरुआत, 4 बार विधायक बने
- बुलंदशहर के सुरजावली गांव के रहने वाले अनिल शर्मा की राजनीतिक शुरुआत प्रधानी के चुनाव से हुई। वह निर्विरोध प्रधान चुने गए। 2002 में पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद 2007 में लगातार दूसरी बार खुर्जा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव जीते।
- 2012 में शिकारपुर सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव हार गए। इसके बाद भाजपा जॉइन कर ली। 2017 में भाजपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए और योगी सरकार में पर्यावरण राज्य मंत्री बने। 2022 में लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से जीत हासिल की।

अब 6 विधानसभा सीटें विधायकों के निधन के बाद खाली
- अनिल शर्मा के निधन के बाद अब प्रदेश में 6 विधानसभा सीटें खाली हो गई हैं। इनमें तीन सीटें सपा, दो भाजपा और एक बसपा के खाते की हैं। इससे पहले, 5 अगस्त को बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया था।
- वहीं, 23 जुलाई को आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन हुआ था। उससे पहले इसी साल जनवरी में सोनभद्र की दुद्धी सीट से सपा विधायक विजय सिंह गोंड और बरेली की फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया था।
- पिछले साल मऊ की घोसी सीट से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन हो गया था। हालांकि, इन सीटों पर अब उपचुनाव नहीं होगा, क्योंकि विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने में अब एक साल से भी कम समय बचा है।




