
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली के खेल प्रेमियों और ऐतिहासिक धरोहरों में रुचि रखने वालों के लिए डीडीए योजना लेकर आई है. दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के तहत, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने उत्तरी दिल्ली के अपने रोशनआरा क्लब में आजीवन सदस्यता योजना का ऐलान किया है. इस विशेष योजना के तहत कुल 750 सदस्यों को क्लब की प्रीमियम सुविधाओं का लाभ उठाने का मौका मिलेगा. ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 28 अगस्त से शुरू होगी, जो 27 अक्टूबर की रात 11:59 बजे तक खुली रहेगी. इच्छुक आवेदक DDA की आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
दो श्रेणियों में बंटी हैं कुल 750 सदस्यताएं
डीडीए की ओर से शुरू की गई इस आजीवन सदस्यता योजना को समाज के विभिन्न वर्गों को ध्यान में रखते हुए दो मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है. पहला गैर-सरकारी श्रेणी के तहत कुल 400 आजीवन सदस्यताएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसके लिए सदस्यता शुल्क 12.50 लाख निर्धारित किया गया है. दूसरा सरकारी श्रेणी के अंतर्गत 350 आजीवन सदस्यताएं आरक्षित हैं, जिसका शुल्क 4 लाख रखा गया है.

‘ईज ऑफ लिविंग’ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा
उपराज्यपाल लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि दिल्ली के नागरिकों के लिए खेल और मनोरंजन के साधन अधिक सुलभ होने चाहिए. ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा देने, नागरिकों में सक्रिय जीवनशैली विकसित करने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ही इस सदस्यता योजना की शुरुआत की गई है. डीडीए अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल आम जनता को उच्च कोटि की खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा, बल्कि क्लब के विशाल बुनियादी ढांचे का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा.
अत्याधुनिक खेल और मनोरंजन की सुविधाएं
लगभग 22 एकड़ के हरे-भरे परिवेश में फैला डीडीए रोशनआरा क्लब अपनी आधुनिक और भव्य सुविधाओं के लिए जाना जाता है. सदस्यों को यहां मिलने वाली मुख्य सुविधाओं में क्रिकेट पिच व अभ्यास पिच, टेनिस, स्क्वैश, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, पिकलबॉल, स्विमिंग पूल, टॉडलर्स पूल, मल्टी-जिम और फिटनेस सेंटर, और योग कक्षाएं शामिल है. उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए योग्य प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न खेल विधाओं में ट्रेनिंग की व्यवस्था. इसके अलावा, कॉर्पोरेट इवेंट्स और टूर्नामेंट्स के लिए क्रिकेट ग्राउंड उपलब्ध कराने का प्रावधान भी है. क्लब हाउस व सामाजिक सुविधाएं लाउंज, रेस्तरां, कैफे, डाइनिंग एरिया, बार, बैंक्वेट हॉल, बच्चों का जोन (किड्स ज़ोन), बिलियर्ड्स और कार्ड रूम जैसी सुविधाएं हैं.

क्रिकेट के इतिहास से जुड़ा है रोशनारा क्लब का नाता
डीडीए रोशनारा क्लब का इतिहास बेहद गौरवशाली और समृद्ध रहा है. एक सदी से अधिक पुराना यह क्लब भारतीय क्रिकेट के शुरुआती इतिहास और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के जन्मस्थान के रूप में विशेष पहचान रखता है. 29 सितंबर, 2023 को डीडीए की ओर से आधिकारिक रूप से अपने अधिकार में लिए जाने के बाद, इस ऐतिहासिक धरोहर को संवारने का कार्य किया गया है. अब इस आजीवन सदस्यता के जरिए खेल प्रेमियों को एक ऐसे ऐतिहासिक क्लब का हिस्सा बनने का अनूठा अवसर मिल रहा है, जिसने देश का क्रिकेट इतिहास बनते देखा है और दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखा है. गौरतलब है कि, DDA वर्तमान में राष्ट्रीय राजधानी में 18 खेल परिसरों, 4 मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 3 पब्लिक गोल्फ कोर्स का संचालन कर रहा है, जो दिल्ली को खेल के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.



