
संवाददाता
गाजियाबाद । गाजियाबाद में बेटा नहीं होने पर एक व्यक्ति ने 35 साल की पत्नी और 15 साल की बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। 14 साल की छोटी बेटी बचाने आई तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला किया। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागी और शोर मचाने लगी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे की यह वारदात जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में हुई। आरोपी की पहचान बिहार के अररिया निवासी राजा अंसारी (45) के रूप में हुई है।
वह खोड़ा मंडी में मुंशी का काम करता है और लोकप्रिय विहार कॉलोनी में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पत्नी तबस्सुम (35) और बेटी सना (15) के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। घायल छोटी बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या हुआ…
राजा अंसारी की छोटी बेटी ने बताया कि शुक्रवार देर रात किसी बात को लेकर मां और पापा के बीच झगड़ा हुआ था। उसके मुताबिक, बेटा नहीं होने को लेकर पापा अक्सर मां से लड़ाई करते थे। रात में भी दोनों इसी बात को लेकर झगड़ रहे थे।
इसी दौरान गुस्से में पापा किचन में गए और चाकू लेकर आए। उन्होंने मां पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। बड़ी बहन बचाने पहुंची तो उस पर भी हमला कर दिया। दोनों खून से लथपथ होकर गिर गईं। इसके बाद आरोपी छोटी बेटी के पीछे भी चाकू लेकर दौड़ा।
वह चीखते हुए घर से बाहर भागी और पड़ोसियों को बताया, ‘अब्बू ने अम्मी और बहन को चाकू मार दिया है।’ इसके बाद पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पड़ोसियों के मुताबिक, राजा नशा करता है और उसका स्वभाव गुस्सैल है। उनका भी दावा है कि बेटा नहीं होने को लेकर वह अक्सर पत्नी से झगड़ता था। पड़ोसियों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।

पड़ोसियों से बहुत कम मिलना-जुलना था
पड़ोसी बाबू खान के मुताबिक, राजा के परिवार के लोग बहुत कम घर से बाहर निकलते थे और लोगों से उनका कम मिलना-जुलना था। शुक्रवार रात करीब 12 बजे राजा के घर से चीख-पुकार की आवाजें आईं तो पड़ोसी दौड़कर पहुंचे। अंदर देखा तो राजा की पत्नी और बेटी खून से लथपथ पड़ी थीं।



