latest-newsएनसीआरदिल्ली

दिल्ली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 45 इंस्पेक्टरों को एसीपी का अतिरिक्त प्रभार

गृह विभाग ने 29 जुलाई को आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं.

संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने 45 इंस्पेक्टरों को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है. इस संबंध में गृह विभाग ने 29 जुलाई को आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं. जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को एसीपी पद के वैधानिक अधिकारों के साथ ‘लुक आफ्टर चार्ज’ दिया गया है. यह व्यवस्था अस्थायी होगी और तब तक लागू रहेगी, जब तक केंद्रीय गृह मंत्रालय नियमित आधार पर एसीपी के रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं कर देता या फिर कोई नया आदेश जारी नहीं हो जाता.

गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय दिल्ली पुलिस की परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से लिया गया है. साथ ही यह भी कहा गया है कि इस व्यवस्था को भविष्य में सामान्य परिस्थितियों के लिए मिसाल नहीं माना जाएगा. आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि अतिरिक्त प्रभार संभालने वाले अधिकारियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन या भत्ता नहीं मिलेगा.

जिन अधिकारियों को एसीपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, उनमें कुल 45 इंस्पेक्टर शामिल हैं. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का मानना है कि इस निर्णय से एसीपी स्तर पर रिक्त पदों के कारण प्रभावित हो रहे प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों में तेजी आएगी तथा फील्ड स्तर पर पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेगी.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com