
हैदराबाद। गूगल ने भारत में अपने पॉपुलर पेमेंट्स ऐप गूगल पेय के लिए एक नया एआई फीचर लॉन्च किया है, जिसका नाम Ask Google Pay है. यह फीचर गूगल के एआई मॉडल जेमिनी पर आधारिक है, जिसकी मदद से लोग गूगल पेय के जरिए किए गए खर्चों का हिसाब एआई की मदद से रख पाएंगे.
गूगल पेय में आया एआई फीचर लोगों को अपने खर्चों को बेहतर तरीके से समझने में मदद करता है. अब यूज़र्स को अपनी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री या अकाउंट स्टेटमेंट खुद खंगालने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि वे सीधे नैचुरल लैंग्वेज में सवाल पूछकर तुरंत जवाब पा सकते हैं.
यह फीचर कैसे काम करता है?
मान लीजिए कि आपको यह जानना है कि पिछले महीने डाइनिंग पर कितना खर्च हुआ या इस हफ्ते सबसे ज्यादा पैसा कहां खर्च हुआ. ऐसे सवालों को पूछते ही Ask Google Pay आपकी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और, अगर उपलब्ध हो तो, क्रेडिट रिपोर्ट डेटा का विश्लेषण करके आसान भाषा में जवाब देता है. यह सिर्फ ट्रांजैक्शन लिस्ट दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि खर्च के पैटर्न को पहचानकर बचत के सुझाव भी देता है.
उदाहरण के लिए, अगर फूड डिलीवरी पर खर्च बढ़ रहा है तो यह ट्रेंड पकड़कर यूज़र्स को अलर्ट कर सकता और जरूरत पड़ने पर ट्रैवल या शॉपिंग रिवॉर्ड्स वाले क्रेडिट कार्ड के सुझाव भी दे सकता है. यह फीचर खर्चों को ट्रैक करने के साथ-साथ और भी कई काम आ सकता है. यूज़र्स इसके जरिए SIP, क्रेडिट स्कोर, कंपाउंड इंटरेस्ट और अलग-अलग टैक्स रिजीम के बीच के फर्क जैसे फाइनेंशियल कॉन्सेप्ट्स को भी आसान भाषा में समझ सकते हैं.
इसके बाद आप फॉलो-अप सवाल भी उसी स्क्रीन पर पूछ सकते हैं. आप बातचीत के जरिए सवाल और फिर फॉलो-अप सवाल पूछकर तमाम जानकारियों को आसान भाषा में समझ सकते हैं. फिलहाल, गूगल दस भारतीय भाषाओं में जवाब देता है. गूगल का कहना है कि यह फीचर एजुकेशनल मकसद से बनाया गया है और डेटा पर पूरा कंट्रोल यूज़र के पास ही रहता है.
Flex SBI Card का भी हुआ ऐलान
गूगल ने इस आस्क गूगल पेय एआई फीचर के साथ SBI Card के साथ मिलकर Google Pay Flex SBI Card भी लॉन्च किया है. यह कार्ड RuPay नेटवर्क पर बना है. यूज़र्स इसे सीधे गूगल पेय ऐप से बिना किसी फिजिकल पेपरवर्क के अप्लाई कर सकते हैं. यह Visa को भी सपोर्ट करता है और Stars नाम से रिवॉर्ड पॉइंट्स देता है, जिसमें एक Star की वैल्यू ₹1 के बराबर होती है. इसके अलावा यूज़र्स अपने बकाया अमाउंट को EMI में भी बदल सकते हैं.



