
संवाददाता
बलिया। उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड में दो हिंदू सदस्यों को शामिल किया जाना वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के अनुरूप है। इससे वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
गत बुधवार को जनपद के गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वक्फ संपत्तियों के बेहतर रखरखाव और सुचारू प्रबंधन के उद्देश्य से वक्फ संशोधन अधिनियम लेकर आई है। संशोधित कानून में वक्फ बोर्डों में व्यापक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था की गई है, जिसमें पसमांदा मुसलमान, महिलाएं, मुस्लिम समुदाय के विभिन्न वर्गों के साथ ही गैर-मुस्लिम सदस्यों को भी शामिल करने का प्रविधान है।
कांग्रेस पार्टी ने वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है। उनका तर्क है कि जब मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, तो मध्य प्रदेश सरकार को इतनी जल्दबाजी क्यों थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश के विकास के लिए कभी कोई जल्दबाजी नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि 1947 में देश आजाद होने के बाद कांग्रेस ने देश के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। जब-जब वह सत्ता में रही, उसने केवल भ्रष्टाचार और आतंकवाद को बढ़ावा दिया।



