
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग अब भी इमारत के भीतर फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है.
आग बुधवार सुबह करीब 9 बजे लगी. आग लगते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं. आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर यूनिट्स को भी तुरंत बुलाया गया.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, अब तक 11 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही घायलों की हालत के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी.
37 लोगों को बाहर निकाला गया
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए कुल 10 दमकल वाहनों को मौके पर तैनात किया गया. दमकलकर्मियों ने भारी धुएं और आग के बीच फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए. कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, लेकिन इमारत के भीतर तलाशी और रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है. अब तक 37 लोगों को बाहर निकाला गया है.

इस हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिलों से नीचे कूदते दिखाई दे रहे हैं. धुएं से घिरे लोगों की चीख-पुकार और बचाव की कोशिशें हादसे की भयावहता को बयां कर रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चिंता और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं.
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और राहत कार्यों की जानकारी लेने लगे. पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को घेर लिया है ताकि बचाव कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए.
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. विशेषज्ञों और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य तकनीकी कारणों की संभावना पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय क्या बोले?
इस घटना पर भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ. सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को सक्रिय कर दिया गया और प्रशासनिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची.
उपाध्याय ने स्थानीय लोगों की सराहना करते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्य में क्षेत्र के निवासियों ने भी काफी सहयोग किया. उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. भाजपा विधायक ने कहा कि पूरा प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता में जुटा हुआ है. साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना के कारणों की जांच की जाएगी और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
SDM जितेंद्र कुमार ने कहा, “जैसे ही हमें कॉल मिली, हमने तुरंत DDMA सेल को एक्टिवेट कर दिया. हमें पता चला है कि इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चल रहा था. आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है.



