
संवाददाता
हुगली । पश्चिम बंगाल में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस राज्यसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी के बाद आज रविवार को एक और टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला हुआ. जानकारी के मुताबिक कल्याण बनर्जी पर कथित तौर पर यह हमला उस समय हुआ जब वे तृणमूल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में एक ज्ञापन देने के लिए चंडीतला पुलिस स्टेशन गए थे. जो अभी तक जानकारी मिली है उसके मुताबिक जब वे हुगली ज्ञापन देने पहुंचे तो वहां विरोध-प्रदर्शन होने लगा. उसी समय किसी ने एक पत्थर फेंका, जो कल्याण बनर्जी के सिर पर आकर लगा.
बता दें, चंडीतला पुलिस स्टेशन के सामने खड़े होकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने लगे. इसी हंगामे के बीच, कल्याण बनर्जी को एक सख्त चीज से आकर लगा, जिससे चोट लगी. चोट लगने के बाद टीएमसी सांसद सिर पकड़कर जमीन पर गिर पड़े. हालात को देखते हुए पुलिस और सेंट्रल फोर्स की एक बड़ी टुकड़ी तैनात कर दी गई है.
खून से लथपथ कल्याण बनर्जी को काले झंडे भी दिखाए गए. पत्थर लगने से तृणमूल नेता के सिर में गंभीर चोट आई. तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने किसी तरह उन्हें उठाया और वापस खड़ा किया. उन्होंने कहा कि मुझ पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया है. सिर पर भगवा पट्टी बांधे करीब दस BJP सदस्यों के एक ग्रुप ने हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया. वे किसी को नहीं छोड़ रहे हैं; उन्होंने मुझे भी मारा. बीजेपी हमें पूरी तरह खत्म करना चाहती है. वे हमें किसी भी तरह से मारना चाहते हैं. मैं बंगाल के लोगों से अपील करता हूं: कृपया सावधान रहें. आज वे मुझे पीट रहे हैं, जबकि आप दूर से देख रहे हैं.
वहीं, जनता से बात करते हुए, उन्होंने एक सीधा सवाल पूछा कि क्या यही वह ‘बदलाव’ है जो आप चाहते थे? सुवेंदु अधिकारी एक हत्यारे मुख्यमंत्री हैं – एक तानाशाह. ये तरीके समिक भट्टाचार्य के दिमाग की उपज है. जब तक तृणमूल है, वे हमें किसी भी तरह से मारने पर तुले हुए हैं. जब तक ममता बनर्जी यहां हैं, हम लड़ते रहेंगे. लोकल इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (IC) ने जानबूझकर मुझ पर हमला होने दिया; क्या सुवेंदु अधिकारी पुलिस की सैलरी देते हैं?” इसके तुरंत बाद, वह टूट गए और फूट-फूट कर रोने लगे. जवाब में, बीजेपी ने कल्याण के इन आरोपों को साफ तौर पर नकार दिया है.
ममता बनर्जी घायल नेता कल्याण बनर्जी से मिलने उनके घर पहुंचीं
कथित हमले में घायल हुए टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी से मिलने के लिए टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी उनके घर पहुंचीं. इस दौरान ममता बनर्जी ने न सिर्फ उनकी स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली.
इसी क्रम में अपने सोशल पोस्ट में, ममता बनर्जी ने साफ तौर पर आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में डेमोक्रेसी को खत्म करने की सोची-समझी कोशिश कर रही है. वह अपनी पार्टी के दो बड़े नेताओं पर लगातार दो दिनों में हुए हमलों को सिर्फ बिगड़ते कानून-व्यवस्था की घटना मानने से इनकार करती हैं बल्कि, उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित साजिश बताया है.
पार्टी के दो बड़े नेताओं पर सिर्फ 24 घंटे के अंदर हुए ये लगातार हमले दिखाते हैं कि इस राज्य में, आम लोगों की तरह ही, जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा भी अब बहुत खतरे में है. तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि ये हमले राजनीतिक मकसद से सोच-समझकर किए जा रहे हैं, खासकर विरोध की आवाजों को दबाने के लिए.



