
संवाददाता
नई दिल्ली । नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से तेज धूप और हीटवेव का कहर देखने को मिल रहा था. लेकिन, आज शनिवार सुबह मौसम का रुख बदल गया है. आसमान में काले बादल छा गए और कुछ इलाकों में झमाझम बारिश हो गई. इस बारिश की वजह से दिल्ली का तापमान गिरकर नीचे आ गया है और मौसम सुहावना हो गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है.
बता दें कि बीते कुछ दिनों से दिल्ली में लगातार हीटवेव का प्रकोप देखने को मिल रहा था और तापमान 46 डिग्री तक पहुंच चुका था. लेकिन, आज मौसम के बदलाव और कुछ इलाकों में हुई बारिश के चलते गर्मी का पारा नीचे गिर गया है. मौसम सुहावना हो गया है, जहां लगातार भीषण गर्मी से परेशान लोगों को आज की बारिश से बहुत राहत मिली है. इसी क्रम में, आज साउथ ईस्ट दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली है.
वहीं, मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में अनुमान लगाया था कि 23 मई से लेकर 27 मई तक कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. ठीक उसी अनुमान के अनुसार, आज दिल्ली में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, ठंडी हवाएं चली और बारिश भी हुई है.
वहीं, हम आपको बता दें कि दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था. लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने की सलाह नहीं दी गई थी, क्योंकि लगातार तापमान 45 डिग्री के करीब देखा जा रहा था. इस दौरान लू की चपेट में आने से कई लोग बीमार भी हो गए थे, जिसे लेकर हेल्थ एक्सपर्ट्स ने भी बढ़ती गर्मी से सावधान रहने की बात कही थी, लेकिन, आज की बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया है. अब तापमान में गिरावट देखी जा रही है और मौसम सुहावना व ठंडा हो गया है.



