latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाद

हिंडन विहार में शुरू हुआ 250 मीट्रिक टन क्षमता स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन

महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने किया उद्घाटन

संवाददाता

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सिटी जोन क्षेत्र के हिंडन विहार रेत मंडी में शुक्रवार को अत्याधुनिक स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का शुभारंभ किया गया। करीब 250 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले इस स्टेशन के शुरू होने से अब कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रोसेसिंग की व्यवस्था अधिक तेज, व्यवस्थित और वैज्ञानिक हो सकेगी।

महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच फीता काटकर इस आधुनिक सुविधा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा नेचर ग्रीन कंपनी के निदेशक शिवम गोयल भी उपस्थित रहे।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सिटी जोन में अब तक कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की सुविधा नहीं थी, जिससे कचरे के परिवहन और निस्तारण में कठिनाई आती थी। नए स्मार्ट स्टेशन के चालू होने से वार्डों और मोहल्लों से एकत्रित गीले और सूखे कचरे को वैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग कर कॉम्पैक्टर बीन के माध्यम से यहां लाया जाएगा और फिर प्रोसेसिंग यूनिट तक भेजा जाएगा। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि शहर की संकरी गलियों से निकलने वाले कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। नगर निगम की योजना के तहत आठ विशेष कैप्सूल वाहनों के जरिए कचरे को विभिन्न वार्डों से उठाकर प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। इससे कचरा उठान की गति तेज होगी और सड़कों पर कूड़ा जमा होने की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।

कचरा निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी

नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने कहा कि स्मार्ट सिस्टम लागू होने से कचरा निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। गीले और सूखे कचरे के पृथक प्रबंधन से प्रदूषण कम होगा तथा रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्था निरंतर सुचारु बनी रहे। उन्होंने बताया कि नगर निगम पहले से ही कविनगर जोन के गोविंदपुरम, विजयनगर जोन के अकबरपुर-बहरामपुर, मोहननगर जोन के राजेंद्र नगर और वसुंधरा जोन के साहिबाबाद साइट-4 में आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन संचालित कर रहा है। हिंडन विहार स्टेशन के शुरू होने के साथ ही अब सिटी जोन भी पूरी तरह स्मार्ट वेस्ट मैनेजमेंट नेटवर्क से जुड़ गया है। कार्यक्रम के दौरान नेचर ग्रीन कंपनी के निदेशक शिवम गोयल को प्रतिदिन की कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और संचालन में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि यह सुविधा शहरवासियों को समर्पित है और इसका उद्देश्य गाजियाबाद को स्वच्छता के नए मानकों तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग देकर इस व्यवस्था को सफल बनाने की अपील की

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com