latest-newsदेश

21 जून को दोबारा होगी नीट परीक्षा, अगले साल से ऑनलाइन मोड में होगी, पेपर लीक के बाद सरकार का फैसला

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अगले साल से नीट परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित किए जाने की जानकारी दी.

संवाददाता

नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (UG) 2026 की नई तिथि घोषित कर दी गई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार को बताया कि नीट UG 2026 की दोबारा परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी.

एनटीए ने एक्स पोस्ट में कहा, “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से नीट-UG 2026 की पुनः परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है. परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें.”

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नीट-UG परीक्षा के फिर से आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के घर पर गुरुवार को एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई. उन्होंने बताया कि गुरुवार देर शाम हुई इस बैठक में मेडिकल प्रवेश परीक्षा के आयोजन से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर विस्तार में चर्चा हुई.

बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (स्कूल शिक्षा) संजय कुमार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE के चेयरपर्सन राहुल सिंह, और केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के आयुक्तों के साथ-साथ दूसरे वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए.

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें 22 लाख ज्यादा अभ्यर्थियों ने भाग लिया था. लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को नीट यूजी परीक्षा रद्द कर दी थी. इसके बाद एनटीए ने कहा था कि दोबारा परीक्षा का कार्यक्रम जल्द जारी कर दिया जाएगा. एनटीए ने एक बयान में स्पष्ट किया कि दोबारा परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नए सिरे से रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी, और न ही कोई अतिरिक्त फीस ली जाएगी.

NTA के महानिदेशक (DG) अभिषेक सिंह ने 12 मई को छात्रों को भरोसा दिया था कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

एनटीए MBBS, BDS और दूसरे अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए NEET-UG परीक्षा आयोजित करती है. 3 मई को पेन-एंड-पेपर मोड में देश भर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी. लगभग 22.79 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा में भाग लिया था.

पेपर लीक मामले में अब तक की कार्रवाई

सीबीआई कथित नीट पेपर लीक मामलों की जांच कर रही है. केंद्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार को NEET-UG पेपर लीक केस में गिरफ्तार किए गए पांच लोगों को हिरासत में लिया. साथ ही दो और संदिग्धों को पकड़ा है. अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी इन गड़बड़ियों में NTA के अंदर से संभावित मिलीभगत की भी जांच कर रही है. सीबीआई के मुताबिक, पेर लीक में सरकारी कर्मचारियों के शामिल होने से इनकार नहीं किया जा सकता है.

पेपर लीक की गड़बड़ियों के बाद केंद्र सरकार ने अगले साल से NEET परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित करने का फैसला किया है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की. उन्होंने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “एक जरूरी बात जो मैं बताना चाहता हूं, वह यह है कि अगले साल से, वास्तविक मुद्दे पर ध्यान दिया जाएगा. NEET परीक्षा OMR शीट के बजाय कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड के तौर पर होगी.”

नीट-यूजी परीक्षा 2026 को लेकर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “दोबारा परीक्षा की नई तारीख 21 जून घोषित की गई है… परीक्षा 3 मई को हुई थी और 7 मई को NTA को शिकायत मिली कि गेस पेपर में कुछ ऐसे सवाल थे जो इस बार प्रश्न पत्र में थे. उच्च शिक्षा विभाग ने तुरंत जांच शुरू की और इसे सरकारी एजेंसी को सौंप दिया… उन्होंने राज्य की एजेंसियों से संपर्क किया और 12 मई तक, हमें पता चला कि गेस पेपर की आड़ में, असली परीक्षा के सवाल सच में लीक हो गए थे…”

उन्होंने आगे कहा, “हम नहीं चाहते हैं कि कोई भी योग्य छात्र फ्रॉड कैंडिडेट की चाल या शिक्षा माफिया की साजिशों की वजह से अपने हक से वंचित रहे… पिछली बार सामने आई गड़बड़ियों के बाद, राधाकृष्णन कमेटी बनाई गई थी, और हमने 2025 और 2026 दोनों के लिए उसकी सिफारिशों को पूरी तरह लागू किया. उसके बावजूद, यह घटना हुई. इसलिए, हमारा पहला फैसला एग्जाम कैंसिल करना था…”

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा रद्द करने के फौरन बाद NTA ने छात्रों की फीस वापस करने का ऐलान किया था. दोबारा परीक्षा के लिए कोई फीस नहीं देगी होगी.

परीक्षा केंद्र फिर से चुनने का विकल्प

उन्होंने बताया कि दोबारा परीक्षा के लिए NTA ने स्टूडेंट्स को उनके शहर के हिसाब से अपना पसंदीदा परीक्षा केंद्र फिर से चुनने के लिए एक हफ्ते का समय देने का फैसला किया है. स्टूडेंट्स की सुविधा और समय की कमी को ध्यान में रखते हुए, NTA ने परीक्षा का समय 15 मिनट बढ़ाने का फैसला किया है. परीक्षा, जो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होनी थी, अब शाम 5.15 बजे तक चलेगी.

14 जून तक जारी होगा एडमिट कार्ड

उन्होंने यह भी कहा, “दोबारा परीक्षा के एडमिट कार्ड सभी कैंडिडेट्स को 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे. भारत सरकार स्टूडेंट्स के लिए ट्रांसपोर्ट की सुविधा की व्यवस्था के बारे में राज्यों से बात करेगी, और मैं खुद भी मुख्यमंत्रियों से बात करूंगा ताकि इस बार NEET परीक्षा के दौरान स्टूडेंट्स को आने-जाने में कम से कम दिक्कत हो. 21 जून को मौसम में होने वाले बदलावों को देखते हुए NTA दूसरी व्यवस्था पर भी विचार कर रहा है.”

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “आज, 15 तारीख को, हम एक नई तारीख की घोषणा कर रहे हैं. नई परीक्षा अब से एक महीने से थोड़ा ज्यादा समय में होगी. हमारा दृष्टिकोण वही रहेगा: गड़बड़ी के प्रति जीरो टॉलरेंस. यह परीक्षा माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक लंबी लड़ाई है. तकनीक के इस दौर में, नई चुनौतियां सामने आ रही हैं. कई सोशल मीडिया हैंडल गुमराह करने वाली जानकारी फैला रहे हैं और भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. दोबारा परीक्षा की प्रक्रिया को खुलेआम चुनौती देने और उसमें बाधा डालने की भी कोशिशें हो रही हैं. इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए, सरकार ने तुरंत यह मामला सीबीआई को सौंप दिया… मुझे CBI और उसके साथ काम करने वाली एजेंसियों पर पूरा भरोसा है.”

उन्होंने आगे कहा कि सरकार, सभी विभागों और शीर्ष नेतृत्व ने इसे मामले को बहुत गंभीरता से लिया है. स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है. जो लोग डर और गड़बड़ी पैदा कर रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं: आने वाली परीक्षा की प्रक्रिया से दूर रहें. नहीं तो, उन्हें सजा भुगतनी पड़ेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com