
संवाददाता
गाजियाबाद । राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 70 की उम्र में हाजी खलील की चौथी शादी का विवाद अब सीएम योगी के दरबार तक पहुंच गया है. अब हाजी खलील की पहली पत्नी की 24 वर्षीय बेटी ने सीएम योगी से न्याय की गुहार लगाई है. कहा कि उसकी खुद की शादी की उम्र निकलती जा रही है. लेकिन उसके अब्बू को कोई चिंता नहीं, वह खुद 70 की उम्र में अपने 50 साल छोटी दुल्हन ले आए. खलील के बेटी ने कहा कि उसकी चौथी अम्मी उससे भी 4 साल छोटी है.
गाजियाबाद के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में कैला भट्टा की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसके अब्बू समाजवादी पार्टी के नेता हैं.उन्होंने जब 70 की उम्र में चौथा निकाह किया तो उसकी अम्मी ने ऐतराज किया और पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद उसके घर पर दबंगों ने हमला किया. इस घटना की तस्वीर भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. इससे पहले हाजी खलील की दूसरी पत्नी ने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी. वहीं अब पहली पत्नी और उनकी बेटी ने सीएम योगी से न्याय की गुहार लगाई है.
सामने आया सीसीटीवी फुटेज
पीड़ित बेटी ने मीडिया और पुलिस को एक सीसीटीवी सौंपी है. इस फुटेज में कुछ बदमाश टाइम के लोग उसके घर को घेर कर खड़े हैं और लाठी डंडों से हमला कर रहे हैं. यही नहीं, आरोपी उसके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ रहे हैं. पीड़िता और उसकी मां ने आरोप लगाया कि हाजी खलील दबंग और अय्याश किस्म के इंसान हैं. उनसे उन्हें जान का खतरा है. खलील की पहली पत्नी ने कहा कि उनकी दो बेटियां और एक बेटा है. पति की हरकतों की वजह से उनके बच्चों का निकाह तक नहीं हो पा रहा.
शर्मिंदा है परिवार
हाजी खलील की 24 वर्षीय बेटी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके अब्बू ने चौथा निकाह किया है. उसकी चौथी अम्मी महज 20 साल की है. जबकि वह खुद 24 साल की हो चुकी है. कहा कि अपने पिता की इस करतूत से वह ना केवल निराश है, बल्कि बेहद शर्मिंदा भी है. कहा कि इस्लाम में महिलाओं को कम हक मिले हैं, जबकि पुरुष वर्ग को कुछ भी करने की छूट मिली हुई है. उधर, पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है. पुलिस ने बताया कि इस विवाद के पीछे प्रापर्टी का मामला सामने आया है.



