
संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इसी कड़ी में आज दिल्ली में बीजेपी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. इस बैठक में प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शामिल हो रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ-साथ चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी. पार्टी जातीय संतुलन और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर विचार कर सकती है. खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व संतुलन बनाने की कोशिश होगी.
पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद अब बीजेपी का पूरा फोकस उत्तर प्रदेश पर आ गया है. ऐसे में यह बैठक ‘मिशन 2027’ की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है. पार्टी नेतृत्व प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तय करेगा. बताया जा रहा है कि जिन नेताओं ने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है, उन्हें सरकार में जगह मिल सकती है. इसके अलावा संगठन को और मजबूत करने, बूथ स्तर तक पकड़ बनाने और चुनावी मुद्दों को धार देने पर भी चर्चा होगी.
दिल्ली में हो रही इस बैठक को अचानक बुलाया जाना भी कई संकेत दे रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बड़े फैसले लिए जा सकते हैं, जिनमें मंत्रिमंडल विस्तार की टाइमिंग और उसमें शामिल होने वाले नए चेहरों पर अंतिम मुहर लग सकती है.



