
नई दिल्ली। चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ (CDS) के तौर पर पूर्व थल सेना प्रमुख बिपिन रावत (Bipin Rawat) आज कार्यभार संभालने जा रहे हैं. उनका दफ्तर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक में होगा और उनकी वर्दी मूल सेवा वाली होगी. यह जानकारी अधिकारियों ने दी.
ट्विटर पर भारतीय सेना के सार्वजनिक सूचना अतिरिक्त महानिदेशालय ने पांच अलग-अलग तस्वीरों में बताया है कि CDS की वर्दी में क्या-क्या होगा. भारतीय सेना के सार्वजनिक सूचना अतिरिक्त महानिदेशालय ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ (सीडीएस) का कार्यालय साउथ ब्लॉक में होगा. सीडीएस की वर्दी मूल सेवा वाली होगी. सीडीएस के रैंक बैज और वर्दी संयुक्तता, एकीकरण और तालमेल को दर्शाएगी.’
सेना ने कई ट्वीट में सीडीएस की टोपी, वर्दी के बटन, बेल्ट के बकल और कार के झंडे जैसी चीजों और रैंक के बैज की तस्वीरें साझा कीं.
बता दें कि जनरल बिपिन रावत अपने तीन साल के कार्यकाल के बाद मंगलवार को सेना प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हो गए. सोमवार को उन्हें भारत का पहला सीडीएस नियुक्त किया गया था.
कैप भी होगी अलग
सीडीएस की कैप भी अलग होगी. हालांकि, कंधे पर रैंक की पहचान बचाने वाले तलवार, बैटन और स्टार्स नहीं होगा. सीडीएस की वर्दी में कमरबंद भी नहीं होगा. इसके पीछे जो वजह बताई गई वह है कि ‘सर्विस न्यूट्रल रिप्रंजटेशन’ की भावना है.
बता दें सरकार ने सैन्य मामलों का एक नया विभाग बनाया है. इसके तहत इस नए विभाग के अंतर्गत तीनों बलों- सेना, नौसेना और वायु सेना से जुड़े कार्य तथा वर्तमान नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप सेवाओं के लिए विशेष खरीद जैसे कार्य आएंगे.



