latest-newsअपराधदेश

एफआईआर के बाद मंत्री रेखा आर्य के पति का बड़ा आरोप: भ्रष्टाचार से 210 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति अर्जित की, जांच की मांग की

संवाददाता

देहरादून/ बरेली। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति बरेली निवासी भाजपा नेता पप्पू गिरधारी के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मंत्री की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पप्पू गिरधारी ने पलटवार करते हुए उन पर भ्रष्टाचार के जरिये 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंत्री की संपत्तियों और उनके विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अज्ञात स्थान से कार में बैठकर फेसबुक लाइव करते पप्पू गिरधारी ने कहा कि वह जल्द ही उत्तराखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री की कथित संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने दावा किया कि रेखा आर्य के विभाग में पिछले 10 वर्षों से भ्रष्टाचार हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने कई बार मंत्री के सामने आपत्ति भी जताई थी। उन्होंने कहा कि यदि उनके आरोप गलत साबित होते हैं तो उन्हें सजा दी जाए। ज्ञात रहे की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा अपने पति भाजपा नेता पप्पू गिरधारी पर आरोप लगाने के बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है.

17 साल तक राजनीतिक सफर में साथ देने का दावा

पप्पू गिरधारी ने कहा कि बरेली में उनका जमीन का बड़ा कारोबार है और उन्हें गलत तरीके से पैसा कमाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि करीब 17 वर्षों तक उन्होंने रेखा आर्य के राजनीतिक सफर में सहयोग किया। चुनाव के दौरान उनके समर्थन में लोगों से वोट मांगे और राजनीतिक गतिविधियों में साथ दिया। उनका आरोप है कि चुनाव लड़ाने के लिए उत्तराखंड जाने से मना करने के बाद मंत्री उनसे नाराज हो गई थीं। हालांकि, इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

महिला मैनेजर के जरिए वसूली कराने का आरोप

पप्पू गिरधारी ने अपनी पूर्व महिला मैनेजर के जरिए कथित वसूली कराने का आरोप भी रेखा आर्य पर लगाया। उनका दावा है कि महिला मंत्री से जुड़े कुछ राज जानती थी, जिसके कारण उसे जेल भिजवाया गया। उन्होंने मंत्री की ओर से जारी किए गए कथित ऑडियो को फर्जी बताते हुए उसे एआई की मदद से तैयार किए जाने का आरोप लगाया। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता को लेकर कोई स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कराने की मांग

पप्पू गिरधारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की जांच किसी जांच एजेंसी से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंत्री की संपत्तियों और उनके विभाग में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपना मित्र और भाई जैसा बताते हुए जांच पर भरोसा जताया।

गोलू देवता की कसम खाने की दी चुनौती

पप्पू गिरधारी ने रेखा आर्य को गोलू देवता की कसम खाकर यह बताने की चुनौती दी कि क्या उन्होंने कभी उनके साथ अन्याय किया है। उन्होंने मंत्री से अपने आरोप वापस लेने की मांग भी की। कंपनी में इस्तीफे और शेयरों को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने दावा किया कि संबंधित कंपनी में रेखा आर्य की भी हिस्सेदारी है। उनके मुताबिक, कंपनी के दस्तावेजों की जांच से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। पप्पू गिरधारी की ओर से लगाए गए संपत्ति और भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर से विधायक और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. जिसमें उन्होंने अपने पति पर धोखे से शादी करने का आरोप भी लगाया है. वह भी तब जब बाल विकास और महिला सशक्तीकरण मंत्री की शादी को 22 साल पूरे हो चुके हैं.

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की पहली पत्नी से पुत्र रिंकू साहू है. जनवरी 2022 में पहली पत्नी से रिंकू को अपना पुत्र बताया था. रिंकू साहू बरेली में साहू समाज की राजनीति में सक्रिय थे. उनके खिलाफ एक सम्मेलन में बिना अनुमति भीड़ जुटाने के आरोप में एफआईआर दर्ज होने की भी रिपोर्ट हुई थी.

गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली पत्नी के रूप में वैजयंती माला का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि नरेश चंद्र गंगवार ने उनकी पत्नी को किडनी दान की थी. वहीं नरेश गंगवार ने जबरन किडनी निकाले जाने को लेकर शिकायत की थी. उस समय आरोपों को नकारते हुए गिरधारी ने सहमति से किया गया दान बताया था और बाद में मामला ठंडा पड़ गया.

साहू के संबंध में सितंबर 2024 में बरेली में एक विवाद सामने आया था. तब मंत्री रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि कल्पना मिश्रा नाम की महिला ने आधार कार्ड और पासपोर्ट जैसे दस्तावेजों में गिरधारी लाल साहू को अपना पति बताया है. तब इस मामले में पुलिस ने कल्पना के विरुद्ध शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की थी.

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com