
संवाददाता
गाजियाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गाजियाबाद में सोमवार सुबह एनएच-9 पर भाजपा नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। यूपी के कैबीनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के मेरठ में प्रथम दौरे पर जाते समय यूपी के प्रवेश द्वार गाजियाबाद NH-9 पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता साथियों के साथ भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।

उनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद अतुल गर्ग, उप्र सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और तीनों महामंत्री प्रदीप चौहान, पंकज भारद्वाज, गौरव चौपड़ा की मौजूदगी में गगन भेदी नारों के मध्य सभी पार्षद,मंडल अध्यक्ष सभी पूर्व जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे ।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कमल का निशान ही भाजपा की पहचान है और प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना है।

पार्टी का विचार और संकल्प ही सर्वोपरि: नितिन नवीन
उन्होंने कहा कि व्यक्ति केवल माध्यम है, जबकि पार्टी का विचार और संकल्प ही सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर पार्टी के विचारों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। नितिन नवीन ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से होती है। कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहकर पार्टी के पक्ष को जनता तक पहुंचाना चाहिए।

विपक्ष के दुष्प्रचार का देना है जवाब: नितिन नवीन
उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से किए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब भी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करके देना है। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद अतुल गर्ग,भोला सिंह सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, जिला प्रभारी अशोक कटारिया, प्रदेश महामंत्री राजेश सिंह, सदर विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




